स्वाति मालीवाल के साथ हुई घटना द्रौपदी के चीरहरण से कम नहीं : शहजाद पूनावाला

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। स्वाति मालीवाल के मामले में भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि एफआईआर को पढ़कर रूह कांप जाती है। एक महिला सांसद के साथ मुख्यमंत्री के आवास में, उनकी मौजूदगी में और उनकी जानकारी से इस तरह का घटनाक्रम होता है जो द्रौपदी के चीरहरण से कम नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज शीश महल को शोषण महल कहना गलत नहीं होगा। एफआईआर में सामने आया है कि उनकी न केवल बुरी तरह से पिटाई की गई है, उनको थप्पड़ मारे गए बल्कि यह भी सामने आया कि किस प्रकार से सीएम केजरीवाल के इशारे पर विभव कुमार ने उनकी आबरू के साथ भी खिलवाड़ करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि यह बहुत ही गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण आरोप है, ये मुख्यमंत्री ने करवाया है उनकी मौजूदगी में हुआ है। ये भी स्पष्ट हो चुका है कि मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी थी, इसके लिए वह जिम्मेदार हैं। चार दिन बीतने के बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। आम आदमी पार्टी ने एफआईआर दर्ज नहीं कराई, उल्टा आरोपी को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सीएम केजरीवाल स्वाति मालीवाल पर दबाव डाल रहे हैं कि वह कुछ न बोलें, इसलिए वह इतने दिनों तक चुक रहीं, उनके करीबियों ने बताया कि उनको चुप कराने के लिए उन्हें धमकियां दी गईं। यह स्पष्ट हो चुका है कि स्वाति मालीवाल के पक्ष में बोलने वाले लोगों के लिए आम आदमी पार्टी में जगह नहीं। लेकिन, विभव कुमार, सोमनाथ भारती जो आए दिन महिलाओं के साथ अभद्रता करते हैं, उन्हें आम आदमी पार्टी संरक्षण देती है।

इंडी गठबंधन पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस गठबंधन की बड़ी-बड़ी नेता बताएं कि एक महिला जब मुख्यमंत्री से मिलने के लिए उनके ड्राइंग रुम में बैठी होती हैं, तब उन पर मुख्यमंत्री के इशारे पर हमला किया जाता है, उन पर असॉल्ट होता है, वो भी तब जब वह पिरीयड में थीं। यानी कि इतनी भी इंसानियत नहीं है उन लोगों में कि वो उनको बख्श दें। इस पूरे मामले पर प्रियंका वाड्रा, प्रियंका चतुर्वेदी, प्रियंका कक्कड़, इंडिया अलायंस की तमाम नेता इसे इंटरनल मैटर कहकर दरकिनार कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का ये कहना कि यह छोटी घटना है और देश में इससे बड़ी घटना भी है, इससे उनकी मानसिकता सामने आती है। एफआईआर सामने आने के बाद उन्हें जवाब देना चाहिए, उन्हें बताना चाहिए कि उनका पक्ष क्या है और क्या वह सीएम केजरीवाल से सवाल पूछेंगे।

वहीं, भाजपा नेता मजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि स्वाति मालीवाल की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर को पढ़कर हर कोई यह सोचने को मजबूर हो जाता है कि अरविंद केजरीवाल कितना बड़ा दरिंदा है। उन्होंने कहा कि सीएम केजरीवाल के घर में एक बेटी है, आपकी पत्नी और माता जी हैं। उस घर में आप एक महिला को पिटवा रहे हैं, उनके साथ दरिंदगी करवा रहे हैं। उस महिला को न केवल पिटवाया गया, बल्कि उसके कपड़े फड़वाये गए, उसे मारा जाता है, उनके साथ अभद्र भाषा में बात की जाती है।

सिरसा ने कहा कि सीएम केजरीवाल ने अपने पीए विभव को साथ रखकर देश और स्वाति मालीवाल को संदेश दे रहे हैं कि ये दरिंदा मुझे तेरे (स्वाति मालीवाल) से ज्यादा पसंद है। सीएम केजरीवाल औरतों के साथ इस तरह की दरिंदगी कर सकते हैं, यह हमें पता नहीं था।

सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी पर हमला बोलते हुए सिरसा ने कहा कि ये लोग आज चुप क्यों हैं जो कहते थे कि लड़की हूं, लड़ सकती हूं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान क्यों चुप हैं।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More