समान नागरिक संहिता आज देश के लिए जरूरी हो गया है : सीएम धामी (आईएएनएस साक्षात्कार)

नई दिल्ली, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी अब पूरे देश के लिए बहुत महत्वपूर्ण हो गया है।

सीएम धामी के मुताबिक, “यूसीसी आधी आबादी का पूरा कानून है, इसमें महिला सशक्तीकरण भी है, उनकी सुरक्षा भी है। उसमें हर वर्ग के उत्थान का एक बहुत बड़ा प्रावधान है और यह भारत का जब संविधान बन रहा था, उस संविधान में भी अनुच्छेद 44 में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और उनकी पूरी टीम ने इसका प्रावधान किया था और निश्चित रूप से यह समान नागरिक संहिता आज देश के लिए जरूरी है। भारतीय जनता पार्टी का जो संकल्प पत्र देश के समक्ष प्रस्तुत हुआ है, उसमें भी देश के अंदर यूसीसी लागू करने का संकल्प लिया गया है।”

उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी का देश आजादी के बाद से लेकर लगातार यह संकल्प रहा है और देश की जनता भी चाहती है, मुस्लिम बहनें भी चाहती हैं और उन्होंने धन्यवाद भी किया। उन्होंने बार-बार कहीं न कहीं इस बात पर खुशी जाहिर की है कि उनकी अस्मिता के लिए उनके क्रूर धार्मिक कृत्यों से बचने के लिए, उनके आत्मबल को मजबूत करने के लिए, उनके सशक्तीकरण के लिए यह जो समान नागरिक संहिता है, वास्तव में सबके लिए वरदान साबित होने वाली है। उत्तराखंड से निकली हुई गंगोत्री संपूर्ण देश के लिए काम आएगी।”

उत्तराखंड में लैंड जिहाद के खिलाफ एक्शन पर कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से यह जो लैंड जिहाद है, यह एक वर्ग विशेष को वोट बैंक के लिए यूज करते रहे हैं। उसी का नतीजा है यह लोग देवभूमि का जो मूल स्वरूप है, उसको खराब करते हैं और हमने संकल्प लिया है कि हम देवभूमि के मूल स्वरूप को खराब नहीं होने देंगे। किसी भी कीमत पर देवभूमि का मूल स्वरूप बना रहे, उसके लिए जो भी काम करना होगा, वो करेंगे। इसलिए, हमने अतिक्रमण, अवैध कब्जे, सबको हटाया है और एक बड़ा अभियान चलाया। यह अभियान हमारा जारी रहेगा। देवभूमि का मूल स्वरूप बना रहेगा।”

कांग्रेस राज में उत्तराखंड में संसाधनों पर पहला हक मुस्लिमों को देने के सवाल पर सीएम धामी ने कहा, “हां, निश्चित रूप से। कांग्रेस ने हमेशा तुष्टीकरण की राजनीति की है, वोट बैंक की राजनीति की है। एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिए हमेशा उन्होंने अपनी नीतियां बनाई है और एक बड़े वर्ग को उपेक्षित रखा है।”

उत्तराखंड में मुस्लिम पर्सनल लॉ फॉलो होने पर उन्होंने कहा, “अब तो समान नागरिक संहिता लागू होगा और वह एक्ट बन गया है। हमारा विधेयक पारित हो गया। राष्ट्रपति की उसमें हमें स्वीकृति मिल गई है। हम उसकी तैयारी कर रहे हैं।”

उत्तराखंड में जनसंख्या नियंत्रण पर कमेटी बनाने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “अभी हम समान नागरिक संहिता लाए हैं और उत्तराखंड की जनता ने हमें इसमें मैंडेट दिया। हमने अपना वादा पूरा किया। निकट भविष्य में जो उत्तराखंड राज्य के हित में होगा, उसे भी आगे बढ़ाएंगे।”

–आईएएनएस

एसके/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More