विपक्ष के विकास की बात बेमानी, ये जातीय और साम्प्रदायिकता के आधार पर बनाते हैं समीकरण : चिराग पासवान

पटना, 4 मई (आईएएनएस)। लोजपा (रा) के प्रमुख चिराग पासवान ने विपक्ष को घेरते हुए बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ये अपना समीकरण ही जातीयता और साम्प्रदायिकता के आधार पर बनाते हैं। ये विकास की बात नहीं कर सकते।

राजद के ‘एम वाई’ समीकरण पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए यह समीकरण क्या है? हम लोग भी एम वाई समीकरण मानते हैं, लेकिन उसमें महिला और युवा हैं। इस समीकरण में सभी वर्ग के साथ महिला और युवा शामिल हैं। हम लोग तुष्टिकरण और जाति धर्म की बात नहीं करते।

दरभंगा के एम्स को लेकर प्रधानमंत्री पर सवाल उठाए जाने पर चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में एम्स बनेगा भी और सही ढंग से चलेगा भी। उन लोगों ने अपने शासनकाल में क्या किया? उनके माता राबड़ी देवी, पिता लालू प्रसाद यादव के शासनकाल में अस्पताल की स्थिति क्या थी? कौन नहीं जानता है। उन्होंने तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना कहा कि वे भी स्वास्थ्य मंत्री थे, क्या किया?

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को अपने शासनकाल के बारे में बताना होगा। उन्होंने देश में 55 साल तक देश में राज किया, ऐसे में आखिर विकास क्यों नहीं हुआ? अगर विकास किया होता तो सामने दिखता।

चिराग ने आगे कहा कि आज हर मंच से जब मैं पूछता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का लाभ किसे मिल रहा है तो सभी लोग हाथ उठाते हैं। आज मैं पूछता हूं कि किसको पांच किलो अनाज मिल रहा है, सभी लोग हाथ उठाते हैं। आज मैं पूछता हूं कि आयुष्मान भारत का लाभ किसे मिल रहा है, सभी लोग हाथ उठाते हैं। यही मोदी की गारंटी है और यही मोदी का विकास है।

–आईएएनएस

एमएनपी/एकेएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More