रामलला के दरबार में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लगाई हाजिरी

अयोध्या, 1 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। राष्ट्रपति ने सरयू में आरती भी की। इससे पहले उन्होंने सरयू मैया का दुग्धाभिषेक कर पूजन किया। यहां उन्होंने 2,100 बत्ती से आरती की।

राष्ट्रपति ने भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप विग्रह का विधि-विधान से दर्शन पूजन कर रामलला की आरती उतारी। श्रीराम का दीदार कर राष्ट्रपति भावविभोर हो गईं। उनके स्वागत में मंदिर परिसर सहित पूरे गर्भगृह को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। रामलला का दर्शन पूजन करने के बाद वह कुबेर टीला पहुंची, जहां उन्होंने कुबेश्‍वर महादेव का दर्शन-पूजन किया।

राष्ट्रपति बुधवार शाम करीब चार बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर पहुंचीं। यहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति सीधे हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचीं। वहां गद्दीनशीन महंत प्रेमदास व पुजारी हेमंत दास के सहयोग से उन्होंने संकटमोचन हनुमान के श्रीचरणों में अपनी हाजिरी लगाई।

हनुमानगढ़ी में दर्शन पूजन के बाद राष्ट्रपति सरयू आरती करने पहुंचीं। राष्ट्रपति ने करीब आधे घंटे तक सरयू का दर्शन-पूजन और आरती की। इस दौरान उन्होंने महंत शशिकांत दास से सरयू की महिमा के बारे में जानकारी प्राप्त की।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More