यूक्रेन में फंसे केरल के लोगों को वापस लाए केंद्र : सतीसन

तिरुवनंतपुरम, 25 मार्च (आईएएनएस)। केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वीडी सतीसन ने सोमवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर यूक्रेन में रूसी सेना के लिए लड़ने के लिए मजबूर किए गए केरल के तीन लोगों को वापस स्वदेश लाने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि अवैध तस्करी में शामिल भर्ती एजेंसियों के खिलाफ जांच शुरू की जाए।

सतीसन ने कहा, “यह जान कर परेशान हूं कि रूस में रोजगार के वादे के बाद युद्धग्रस्त यूक्रेन में फंसे लोगों में केरल के तीन युवक भी शामिल हैं। उन्हें लड़ाई में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।”

सतीसन ने बताया कि तीनों लोगों के रिश्तेदारों के अनुसार, उन्हें 2.5 लाख रुपये के वेतन के वादे के साथ एक भर्ती एजेंसी रूस ले गई थी।

सतीसन ने कहा, “लेकिन जब वे पहुंचे, तो उनके पासपोर्ट और मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए और फिर उन्हें यूक्रेन के खिलाफ रूस की लड़ाई में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। पता चला है कि उनमें से कुछ घायल हैं और यहां उनके परिजनों ने उनकी सुरक्षा पर गंभीर आशंका जताई है।”

सतीसन ने कहा, “मेरा मानना है कि यह एक तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है जो युवाओं को रूस में काम करने के लिए लुभाता है और उन्हें युद्ध के लिए भेजता है। मैं आपसे उन सभी को वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास करने का आग्रह करता हूं जो युद्ध क्षेत्र में फंस गए हैं और इन भर्ती एजेंसियों के खिलाफ एक व्यापक जांच शुरू करें जो एक बड़े तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हैं।”

–आईएएनएस

एसकेपी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More