मणिपुर : कुकी संगठन ने अपने सदस्यों से कहा, लोकसभा चुनाव में मतदान से दूर रहें

इंफाल, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। कुकी-जोमी आदिवासी समुदाय की शीर्ष संस्था कुकी इनपी सदर हिल्स (केआईएसएच) ने मंगलवार को अपने सदस्यों को आगामी लोकसभा चुनाव में भाग लेने से दूर रहने का निर्देश दिया।

केआईएसएच की प्रचार शाखा ने एक बयान में यह स्पष्ट कर दिया कि लोकसभा चुनावों के लिए उनका दृष्टिकोण “बहिष्कार” करना नहीं है, बल्कि “मतदान से दूर रहने” का विकल्प चुनना है।

बयान में कहा गया है कि 18वीं लोकसभा चुनाव में कुकी-ज़ोमी समुदाय से कोई उम्मीदवार नहीं है। आदिवासियों के लिए आरक्षित बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र में चार उम्मीदवारों के बीच एक सर्वसम्मति वाले उम्मीदवार का चयन करने का प्रयास किया गया था। हालांकि, सर्वसम्मति नहीं बन सकी। इसलिए, कुकी इंपी मणिपुर द्वारा स्वीकार किए गए सभी हितधारकों के साथ तालमेल कर आगामी चुनाव में मतदान से दूर रहने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।”

बाहरी मणिपुर लोकसभा सीट के लिए चार उम्मीदवार हैं, जिनमें भाजपा समर्थित नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के उम्मीदवार कचुई टिमोथी जिमिक भी शामिल हैं। विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन ने इस सीट पर अल्फ्रेड कन्नगम एस. आर्थर को मैदान में उतारा है। जिमिक और आर्थर दोनों नागा समुदाय से हैं।

इस सीट के लिए दो स्वतंत्र उम्मीदवार एस खो जॉन और एलिसन अबोनमई भी मैदान में हैं।

मणिपुर में दो चरणों में 19 अप्रैल और 26 अप्रैल को मतदान होगा।

–आईएएनएस

एसजीके/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More