भाजपा ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ेगी : मनमोहन सामल

नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा ओडिशा में लोकसभा की सभी 21 और विधानसभा की सभी 147 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी के ओडिशा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने शुक्रवार को राज्य में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया।

मनमोहन सामल ने शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट कर कहा, “4.5 करोड़ ओडिशावासियों की आशा, अभिलाषा और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत तथा विकसित ओडिशा बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस बार लोकसभा की सभी 21 सीटों और विधानसभा की सभी 147 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।”

इससे पहले सामल ने यह भी कहा, “विगत 10 वर्षों से, नवीन पटनायक के नेतृत्व में ओडिशा की बीजू जनता दल (बीजेडी) केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के अनेक राष्ट्रीय महत्व के प्रसंगों में समर्थन देती आई है, इसके लिए हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। अनुभव में आया है कि देशभर में जहां भी डबल इंजन की सरकार रही है, वहां विकास व गरीब कल्याण के कार्यों में तेजी आई है और राज्य हर क्षेत्र में आगे बढे हैं। लेकिन, आज ओडिशा में मोदी सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएं जमीन पर नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे ओडिशा के गरीब बहनों-भाइयों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा है। ओडिशा-अस्मिता, ओडिशा-गौरव और ओडिशा के लोगों के हित से जुड़े अनेकों विषयों पर हमारी चिंताएं हैं।”

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More