बिलासपुर से श्रीरामलला के दर्शन करने अयोध्या रवाना हुए श्रद्धालु

बिलासपुर, 11 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के लिए राज्य के श्रद्धालुओं को भेजने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में एक जत्था स्पेशल आस्था ट्रेन बिलासपुर से रवाना किया गया। रायगढ़ जिले से अयोध्या धाम दर्शन के लिए पहले जत्थे में जिले से कुल 112 यात्री शामिल हैं। इनमें 84 ग्रामीण और 28 शहरी क्षेत्र के श्रद्धालु शामिल हैं।

यह दल सड़क मार्ग से बिलासपुर पहुंचा। वहां से स्पेशल आस्था ट्रेन से आगे के सफर के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं का दल 14 मार्च को वापस लौटेगा। तीन दिवसीय यात्रा के दौरान यात्री अयोध्या धाम के साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करेंगे। यात्रियों के सहयोग के लिए तीन अधिकारियों की टीम भी जत्थे के साथ रवाना हुई है।

अयोध्या धाम जाने वाले जिले के पहले जत्थे में शामिल श्रद्धालु भक्ति भाव और उत्साह में सराबोर दिखे। अलसुबह प्रभु श्री राम के जयकारे के साथ सफर की शुरुआत कर रहे जिले वासियों ने इसे सौभाग्य का पल बताया।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शासन की इस नेक पहल से हमें अयोध्या धाम की नि:शुल्क यात्रा का सुअवसर मिल रहा है।

वित्त मंत्री ओपी. चौधरी ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर प्रभु श्रीराम का जयकारा लगाते हुए रायगढ़ के श्रद्धालुओं के जत्थे को अयोध्या धाम के लिए रवाना किया।

किरोड़ीमल नगर के भगतराम चौहान ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आज हम प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या धाम रवाना हो रहे हैं। अयोध्या में जब से राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा हुई तब से वहां जाने की लालसा थी, आज वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर पूरी होने जा रही है। खाना-पीना, आना-जाना सभी सुविधाएं नि:शुल्क हैं।

घरघोड़ा विकास खंड के चारभांठा निवासी राम प्रसाद पैंकरा एवं बालमती पैंकरा ने जय-जय श्रीराम के नारे लगाते हुए कहा कि आज हमारे लिए खुशी का अवसर है कि हम प्रभु श्रीराम के दर्शन हेतु अयोध्या धाम के लिए रवाना हो रहे हैं।

रायगढ़ की देवकी सिंह राजपूत ने कहा कि आज बहुत ही खुशी का दिन है कि हम सब एक साथ शासन की नेक पहल से प्रभु श्रीराम के दर्शन हेतु अयोध्या धाम के लिए रवाना हो रहे हैं। हमें किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। सफर के दौरान सभी प्रकार की सुविधाएं शासन की तरफ से निःशुल्क हैं।

–आईएएनएस

एसएनपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More