प्रधानमंत्री मोदी का भाषण 8 भाषाओं में है उपलब्ध, भाजपा एआई तकनीक का कर रही है इस्तेमाल

नई दिल्ली, 5 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जोर-शोर से जुटी भाजपा इस बार बड़े पैमाने पर एआई तकनीक का इस्तेमाल कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण अब देश की 8 भाषाओं में उपलब्ध है।

प्रधानमंत्री मोदी आमतौर पर हिंदी में ही अपना भाषण देते हैं। उनके भाषण को अलग-अलग राज्यों की जनता को उनकी ही मातृभाषा में पहुंचाने के लिए भाजपा एआई डबिंग तकनीक का सहारा ले रही है।

इस तकनीक का इस्तेमाल कर प्रधानमंत्री मोदी के भाषण को देश की 8 भाषाओं बंगाली, कन्नड़, तमिल, तेलुगु, पंजाबी, मराठी, उड़िया और मलयालम में लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग भाषा का अलग-अलग अकाउंट बनाया गया है।

एआई डबिंग तकनीक का इस तरह से इस्तेमाल करने के मामले में भाजपा दुनिया की पहली पार्टी बन गई है। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बन गए हैं, जिनके भाषणों को इतनी भाषाओं में लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

बता दें कि इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने काशी तमिल संगमम में अपने भाषण का लाइव अनुवाद करने के लिए एआई तकनीक का उपयोग किया था।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More