पीलीभीत में सपा ने लगाई शिकायतों की झड़ी

लखनऊ, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए यूपी में आठ सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद ने जीत का दावा किया है। वहीं सपा ने शिकायतों की झड़ी लगाई है।

पहले चरण का मतदान पीलीभीत, मुजफ्फरनगर, बिजनौर एवं नगीना लोकसभा क्षेत्र के सभी पोलिंग बूथों पर मतदान सुबह सात बजे से जारी है। आदर्श पोलिंग बूथों को गुब्बारों और कालीन बिछाकर सजाया गया है। सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं, जिसमें युवा मतदाता वोट डालने के बाद सेल्फी खींचकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।

उधर, पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद ने कहा है कि पीलीभीत से उनकी ऐतिहासिक जीत होगी, यहां कमल खिलेगा। 10 सालों के काम के दम पर हमें लोगों का आशीर्वाद मिल रहा है। नए भारत का निर्माण हो रहा है। आने वाले समय में जो काम चल रहे हैं, उन्हे और तीव्रता दी जाएगी। जनता का हमें अपार समर्थन मिल रहा है।

उधर, समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया मंच से शिकायतों की झड़ी लगा रखी है। पीलीभीत लोकसभा में समाजवादी पार्टी के बूथ एजेंटों ने प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाया है।

सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनको थाने में जबरन बंद किया गया है, जिससे मतदान प्रभावित हो रहा है। चुनाव आयोग इसका संज्ञान ले। निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो।

सपा ने आरोप लगाया है कि कैराना लोकसभा की बूथ संख्या 94 पर मतदाताओं को मतदान करने से पीठासीन अधिकारी रोक रहे हैं। कैराना नगर इस्लामिया इंटर कॉलेज में धीमी गति से मतदान चल रहा है।

रामपुर लोकसभा की बूथ संख्या 164 पर ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना आई है।

सहारनपुर लोकसभा के नकुड़ के सरूरपुर तगा में बूथ संख्या 227 पर भी ईवीएम मशीन खराब होने की सूचना है।

सपा के पीलीभीत से प्रत्याशी भागवत शरण गंगवार का कहना है कि यहां चुनाव भाजपा और जनता के बीच है। सपा सरकार में किए गए कार्यों पर लोगों को भरोसा है। यहां हम भारी मतों से जीतेंगे।

–आईएएनएस

विकेटी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More