पंजाब में गन हाउस चोरी मामले में दो गिरफ्तार, 12 हथियार बरामद

चंडीगढ़, 6 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने गन हाउस चोरी के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने पांच राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 1 हजार से अधिक किलोमीटर पीछा करने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 21 कारतूसों के साथ 12 हथियार बरामद किए हैं।

डीजीपी गौरव यादव ने बुधवार को बताया, ”आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के निवासी अजीत सिंह (19) और अमृतसर जिले के एक गांव के निवासी मनदीप कुमार (20) के रूप हुई है।”

पुलिस ने जिन हथियारों को बरामद किया है, उनमें 9 डबल बैरल बंदूकें, तीन पंप एक्शन गन और एक तेज धार वाला हथियार शामिल है।

रिपोर्ट के अनुसार, लुटेरे 21 फरवरी की रात अमृतसर स्थित रॉयल गन हाउस से हथियार समेत कारतूस और नकदी लेकर फरार हो गए थे।

डीजीपी गौरव यादव ने आगे कहा, ”अमृतसर कमिश्नरेट की कम से कम 10 टीमों का गठन किया गया था। तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के बाद पांच राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 1 हजार से अधिक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली।”

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा, ”पुलिस टीमों ने इस ब्लाइंड केस की जांच की और उन आरोपियों की निशानदेही की, जो उसी दिन पंजाब से भाग गए थे और अमृतसर लौटने से पहले चंडीगढ़, पानीपत (हरियाणा), दिल्ली, आगरा और अयोध्या गए थे।”

उन्होंने आगे कहा, ”शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने हथियार और कारतूस को एक गड्ढा खोदकर उसमें छिपा दिया था। आरोपी अजीत सिंह ने अक्टूबर 2023 में अपने साथियों के साथ अमृतसर से 4.2 किलोग्राम सोना भी चुराया था। आगे की जांच जारी है।”

–आईएएनएस

एफजेड/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More