नई दिल्ली में कांग्रेस का ‘शाही परिवार’ ही अपनी पार्टी को वोट नहीं देगा तो आपसे वोट मांगने का क्या हक है : पीएम मोदी

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी महेंद्रजीत सिंह मालवीय के समर्थन में चुनाव प्रचार करने रविवार को राजस्थान पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस का “शाही परिवार” आजादी के बाद पहली बार अपनी पार्टी के उम्मीदवार को वोट नहीं देगा, और ऐसे में उसे लोगों से वोट मांगने का कोई हक नहीं है।

दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका वाड्रा तीनों नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में मतदाता हैं। आजादी के बाद जितने भी चुनाव हुए उसमें पहली बार ऐसा हो रहा है कि नई दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है।

दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा जा रहा है। नई दिल्ली सीट आप के खाते में गई है। इस सीट से आप के विधायक और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती उम्मीदवार हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी के नेता इस बार कांग्रेस के बदले आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में वोट डाल सकते हैं।

पीएम मोदी ने रैली में कहा कि स्वार्थ और अवसरवादिता में घिरी कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि उसका “शाही परिवार” आजादी के बाद पहली बार कांग्रेस को वोट नहीं देगा। उन्होंने कहा, “अगर यह शाही परिवार कांग्रेस को वोट नहीं देता है तो आपसे वोट मांगने का उनका क्या हक है?”

बता दें कि देश की सबसे पुरानी लोकसभा सीटों में से एक नई दिल्‍ली लोकसभा सीट पर इस बार आप और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है।

आजादी के बाद 1952 में हुए पहले चुनाव से अबतक कांग्रेस सात बार नई दिल्‍ली लोकसभा सीट पर चुनाव जीत चुकी है। भाजपा ने यहां 11 बार जीत दर्ज की है। इस बार भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्‍वराज की बेटी बांसुरी स्‍वराज को अपना उम्‍मीदवार बनाया है।

इस सीट पर पहला चुनाव साल 1952 में किसान मजदूर प्रजा पार्टी की नेता सुचेता कृपलानी ने जीता था। इसके बाद 1957 में वह दूसरी बार कांग्रेस के टिकट पर चुनी गईं। उनके बाद यहां से भारतीय जनसंघ के बलराज मधोक निर्वाचित हुए। छठी लोकसभा के लिए यहां से जनता पार्टी के टिकट पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी चुने गए। वह 1980 में यहां से भाजपा के सांसद बने।

भाजपा अध्‍यक्ष रहे लालकृष्‍ण आडवाणी भी यहां से सांसद चुने गए। उनके अलावा सुपर स्‍टार राजेश खन्‍ना यहां से कांग्रेस के टिकट पर जीते थे। भाजपा की ओर से 11वीं, 12वीं और 13वीं लोकसभा के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री जगमोहन यहां से चुनाव जीते। कांग्रेस के अजय माकन 2004 व 2009 में यहां से सांसद बने। पिछले दो लोकसभा चुनावों से भाजपा की मीनाक्षी लेखी इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

–आईएएनएस

जीकेटी/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More