देहरादून में दहशत का पर्याय बना गुलदार पकड़ा गया, दो बच्चों को बना चुका था निवाला

देहरादून, 7 मार्च (आईएएनएस)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में दहशत का पर्याय बने गुलदार को वन विभाग की टीम आखिरकार पकड़ने में कामयाब हो गई। गुलदार के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों और वन विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद में बढ़ते हमलों के मद्देनजर वन विभाग को जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ने के सख्त निर्देश दिए थे।

गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व सिगली गांव में घर के आंगन से गुलदार ने एक चार वर्षीय बच्चे को उठाकर अपना निवाला बना लिया था। इसके कुछ समय बाद सोंधोवाली क्षेत्र में रिस्पना नदी के पास भी गुलदार ने एक बालक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

कुछ दिन पहले गलजवाड़ी गांव में भी गुलदार ने एक 9 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे अपना निवाला बनाया था। इसे लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त था। वन विभाग की ओर से लगातार गुलदार को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे थे।

मसूरी वन प्रभाग में रेंजर राकेश नेगी ने बताया कि गुलदार को किमाड़ी गांव में लगाए गए पिंजड़े में कैद कर लिया गया है। पिछले काफी समय से इस गुलदार की तलाश की जा रही थी।

–आईएएनएस

एबीएम/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More