देहरादून : पीड़ितों ने सल्ट विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, मुख्यमंत्री ने मंडलायुक्त को सौंपी जांच

देहरादून, 6 मार्च (आईएएनएस)। देहरादून नगर निगम में निगमकर्मियों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज करना सल्ट विधायक महेश जीना को भारी पड़ गया। अगले दिन बुधवार को इस मामले में विधायक के खिलाफ 4 लोगों ने मुकदमा दर्ज कराया।

सल्ट क्षेत्र से भाजपा विधायक महेश जीना के खिलाफ नगर कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। इस मामले में यशपाल सिंह, सचिव नगर निगम वाहन चालक संघ की तहरीर के आधार पर नगर कोतवाली में सल्ट विधायक महेश जीना सहित अन्य चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

नगर कोतवाली में सल्ट विधायक के खिलाफ 147,186,504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने अपनी तहरीर में कहा कि सल्ट विधायक महेश जीना मंगलवार को अपने चार साथियों के साथ एक टेंडर न मिलने के कारण देहरादून नगर निगम आए। यहां एक टेंडर निकला था, जो विधायक के परिचित ने भी भरा था, लेकिन उनके परिचित को टेंडर नहीं मिला, जिसके बाद महेश जीना नगर निगम आए और जमकर हंगामा किया। उन्होंने अपने साथ आए लोगों के साथ मिलकर वरिष्ठ लिपिक पवन थापा और अंकुश सोनी के साथ गाली-गलौज की।

इतना ही नहीं, उन्होंने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। उन्‍होंने इसके बाद नगर आयुक्त के कमरे में पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने नगर आयुक्त को भी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। वहीं, नगर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, नगर आयुक्त से अभद्रता और इसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

नगर निगम कर्मचारियों ने विधायक महेश जीना के अभद्र व्यवहार के विरोध में कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रकरण की जांच मंडलायुक्त गढ़वाल को सौंपते हुए 15 दिन में रिपोर्ट तलब की है।

–आईएएनएस

स्मिता/एसजीके

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More