देश और मध्य प्रदेश में विकास तब आया जब कांग्रेस गई और भाजपा आई : प्रधानमंत्री मोदी

सागर, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस को राम और राम मंदिर से ही दिक्कत नहीं है बल्कि मंदिर और मंदिर जाने वालों से भी दिक्कत है। देश और प्रदेश में विकास कब आया, जब कांग्रेस गई और भाजपा आई।

मध्य प्रदेश के सागर संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें दलितों के हितों की रक्षा करनी है, आदिवासियों के हितों की रक्षा करनी है, पिछड़ों के हितों की रक्षा करनी है क्योंकि हम उनके दर्द को जानते हैं और आपको संरक्षण देकर ही रहूंगा, इसलिए, आपका साथ और 400 पार चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश के संविधान से नफरत है, इन्हें भारत की पहचान से नफरत है। यह उस परियोजना पर काम कर रहे हैं, जिससे देश कमजोर हो, देश की साख कमजोर हो, यह लोग समाज में आपस में लड़वाने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं। कांग्रेस पार्टी हर संस्था पर हमले करती है। अयोध्या में प्रभु राम के मंदिर में क्या किया पूरे देश ने देखा। भगवान राम को काल्पनिक बताने वाली कांग्रेस ने राम मंदिर के निमंत्रण को भी ठुकरा दिया। ऐसी कांग्रेस को ठुकराना चाहिए। कांग्रेस को केवल अयोध्या राम मंदिर और राम तक नहीं, इन्हें मंदिर और मंदिर जाने वालों से भी दिक्कत है।

उन्होंने आगे कहा कि देश के विकास के लिए एक स्थिर और मजबूत सरकार कितनी जरूरी होती है, यह मध्य प्रदेश और सागर के लोग बहुत अच्छे से जानते हैं। कांग्रेस के समय में एमपी की पहचान बीमारू राज्य के तौर पर थी, आज वही मध्य प्रदेश बीजेपी सरकार में विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। केन बेतवा लिंक परियोजना का ऐतिहासिक काम शुरू हो गया है, मध्य प्रदेश में हाईवे का पूरा नेटवर्क बनाया जा रहा है।

–आईएएनएस

एसएसपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More