तेजस्वी की सभा में चिराग के परिवार के खिलाफ बोले गए अपशब्द, वीडियो वायरल, मिला रिएक्शन

पटना, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के जमुई में राजद नेता तेजस्वी यादव की चुनावी सभा में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और उनके परिवार को अपशब्द कहे जाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो को लेकर लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि तेजस्वी यादव के व्यवहार से दुखी हूं।

दरअसल, जमुई क्षेत्र का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें तेजस्वी यादव मंच पर भाषण देते दिख रहे हैं और नीचे से राजद कार्यकर्ताओं द्वारा चिराग और उनके परिवार को लेकर भद्दी-भद्दी बातें कही जा रही है।

हालांकि, आईएएनएस इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।

वीडियो के संज्ञान में आने के बाद चिराग पासवान ने कहा कि वे तेजस्वी यादव से दु:खी हैं। उन्होंने तेजस्वी को छोटा भाई बताते हुए कहा कि उस मंच पर मेरे छोटे भाई तेजस्वी यादव खड़े थे। तेजस्वी से मेरा रिश्ता काफी पुराना है। हम दोनों अलग-अलग राजनीतिक खेमे में हैं। लेकिन, इस कारण हमलोग एक-दूसरे के परिवार को गाली तो नहीं देंगे न।

उन्होंने तेजस्वी की मां को अपनी मां बताते हुए कहा कि मैं ईमानदारी से कहता हूं कि मेरे सामने तेजस्वी यादव के परिवार के खिलाफ कोई कुछ बोलेगा तो मैं मुंहतोड़ जवाब दूंगा। मैं बर्दाश्त नहीं करुंगा। मेरी राजनीति एक तरफ है, लेकिन, वह मेरे परिवार हैं। लालू जी मेरे पिता के समकक्ष रहे हैं। उनके साथ उन्होंने काम किया है। दोनों परिवार के साथ आपस में गहरा संबंध रहा है।

उन्होंने यहां तक कहा कि राजद की प्रत्याशी महिला हैं, क्या वे ऐसे ही किसी महिला के लिए सुनेंगी।

–आईएएनएस

एमएनपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More