ट्रक-कार की टक्कर में महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख बाल बाल बचे, जताई साजिश की आशंका

भंडारा, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले मंगलवार रात उस समय बाल-बाल बच गए जब उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। पटोले देर रात एक चुनावी रैली को संबोधित करने के बाद अपने बेस कैंप लौट रहे थे।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता पटोले ने कहा कि गणेशपुर में अपनी चुनावी सभा खत्म करने के बाद सुकली गांव के रास्ते में भीलेवाड़ा के पास लापरवाही से चलाए जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे बचने के लिए ड्राइवर ने कार मोड़ दी।

टक्कर से बचने के लिए पटोले के ड्राइवर ने काफी प्रयास किया, लेकिन ट्रक कार से टकराता हुआ निकल गया। अंधेरे में कार सड़क किनारे जा गिरी।

पटोले, उनके सहयोगी और ड्राइवर कार से सुरक्षित निकल आए, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अब वह चलाने लायक नहीं रहा।

दुर्घटना के बाद पटोले थोड़ा सहमे हुए थे। बुधवार को उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा किया, ट्रक को जब्त कर लिया और जांच शुरू कर दी।

हालांकि, उन्होंने संदेह जताया कि यह दुर्घटना थी या कोई साजिश, लेकिन कहा कि पुलिस जांच से सच्चाई सामने आ जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रक चालक नशे में था या उसे गाड़ी चलाते समय झपकी आ गई थी।

बुधवार को चुनाव कार्यक्रम फिर से शुरू करने से पहले पटोले ने कहा, “हमने यह पता लगाने के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि क्या यह किसी तरह की साजिश थी और जांच की मांग की है… दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।”

–आईएएनएस

एसकेपी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More