झारखंड के पलामू में घर में घुसकर दो लोगों की गोली मारकर हत्या

रांची, 27 मार्च (आईएएनएस)। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में अपराधियों ने एक घर में घुसकर दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। बुधवार दोपहर हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गये। मृतकों में एक राजमोहन पोलू नामक शख्स है, जिसका आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दूसरे की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

राजमोहन पोलू को हत्या के एक केस में कोर्ट ने 10 साल की जेल की सजा सुनाई थी। वह कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था और चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर स्थित अपने घर पर रह रहा था। बुधवार की दोपहर अपराधियों ने घर में घुसकर उसे गोली मारी। वारदात की सूचना पाकर पलामू एसपी रीष्मा रमेशन मौके पर पहुंचीं। सदर एसडीपीओ मणि भूषण प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम तफ्तीश में जुटी है। फिलहाल हत्या की वजहों का पता नहीं चल पाया है।

उल्लेखनीय है कि इसके पहले मंगलवार की रात चैनपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में एक युवक की गोली मारकर और गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। चौबीस घंटे से भी कम समय में चैनपुर इलाके में हत्या की इस दूसरी वारदात से लोग दहशत में हैं।

–आईएएनएस

एसएनसी/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More