झारखंड की चार सीटों पर नोटिफिकेशन के साथ चुनावी प्रक्रिया शुरू, हर जगह आमने-सामने का मुकाबला

रांची, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड की 14 में से चार लोकसभा सीटों — खूंटी, लोहरदगा, सिंहभूम और पलामू में गुरुवार को नोटिफिकेशन जारी होने के साथ चुनावी प्रक्रिया का आगाज हो गया। यहां 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 29 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इन सीटों पर 13 मई को वोट डाले जाएंगे।

झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि इन चारों सीटों पर कुल 63 लाख 99 हजार 582 लोग मताधिकार का इस्तेमाल कर पाएंगे। इन चार सीटों में खूंटी, लोहरदगा और सिंहभूम अनुसूचित जनजाति और पलामू सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

खास बात यह कि अनुसूचित जनजाति के आरक्षित तीनों सीटों — खूंटी, लोहरदगा और सिंहभूम में महिला वोटरों की तादाद पुरुषों से ज्यादा है।

देश में लोकसभा के चौथे और झारखंड में पहले चरण की इन चारों सीटों पर होने वाली वोटिंग के जरिए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, चाईबासा की सांसद गीता कोड़ा, पलामू के सांसद बीडी राम, भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव भगत जैसे दिग्गजों की किस्मत का फैसला होगा।

अब तक जो सियासी परिस्थितियां बनी हैं, उसके मुताबिक इन चारों सीटों पर भाजपा और इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के बीच आमने-सामने का मुकाबला दिख रहा है। खूंटी सीट पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का मुकाबला कांग्रेस के कालीचरण मुंडा से होगा। वर्ष 2019 के चुनाव में भी इस सीट पर इन्हीं दोनों के बीच दंगल हुआ था। अर्जुन मुंडा ने मात्र डेढ़ हजार मतों के फासले से कालीचरण को शिकस्त दी थी।

सिंहभूम सीट पर दो दिग्गज महिला लीडर — भाजपा की गीता कोड़ा और झामुमो की जोबा मांझी के बीच मुकाबला है। झारखंड के पूर्व सीएम मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा ने इस सीट पर पिछली बार कांग्रेस के कैंडिडेट के तौर पर जीत दर्ज की थी। इस बार वह भाजपा की प्रत्याशी हैं। जोबा मांझी बिहार और झारखंड सरकार में चार बार मंत्री रह चुकी हैं। वह सिंहभूम लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार छह बार विधायक चुनी गई हैं।

लोहरदगा सीट पर भाजपा ने राज्यसभा के सांसद रहे समीर उरांव को प्रत्याशी बनाया है, जबकि उनके मुकाबले में कांग्रेस ने पूर्व विधायक और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे सुखदेव भगत को उतारा है।

पलामू सीट पर भाजपा ने राज्य के पूर्व डीजीपी बीडी राम को लगातार तीसरी बार मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला यहां राजद की ममता भुइयां से होगा।

–आईएएनएस

एसएनसी/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More