जयंत ने समर्थकों से कहा, पुरानी बातें भूलकर भाजपा के लिए दरवाजे खोल देना

मथुरा, 19 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी भाजपा से गठबंधन के बाद पहली बार मथुरा पहुंचे। यहां उन्होंने अपने समर्थकों से कहा कि पुरानी बातें भूलकर अब भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए अपने दरवाजे खोल देना।

जयंत चौधरी मथुरा के मोरकी इंटर कॉलेज के मैदान ब्रज सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने समर्थकों से कहा, भाजपा के लिए अपने दरवाजे खोल देना। आपकी नाराजगी दूर करने और अपना वादा पूरा करने के लिए हमने दो बार मांट विधानसभा से विधायक का चुनाव लगातार दो बार बहुत ही नजदीकी अंतर से हारे योगेश नौहवार को एमएलसी बनाकर लखनऊ भेजा है। जो वादा 2022 के विधानसभा चुनाव के दौरान मांट क्षेत्र की जनता से किया उसे योगेश को एमएलसी बनाकर पूरा कर दिया है। रालोद में वफादारी से कार्य करने वाले हर कार्यकर्ता का सम्मान किया जाएगा।

उन्‍होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार में शामिल रहकर रालोद के सभी नेता किसान और मजदूर की आवाज उठाते रहेंगे। राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़नी चाहिए।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि जयंत चौधरी के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोकदल ने ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जो सर्वसमाज के हित में हैं। नवनिर्वाचित एमएलसी योगेश नौहवार ने कहा विधानसभा में पहले से ही रालोद के नौ विधायक किसानों व मजदूरों की आवाज उठा रहे हैं। अब विधान परिषद में भी आपकी आवाज बुलंद होगी।

–आईएएनएस

विकेटी/एसजीके

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More