चौधरी साहब का सम्मान, अन्नदाता का सम्मान : मुख्यमंत्री योगी

बागपत, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गेटवे इंटरनेशनल स्कूल के मैदान में विजय शंखनाद रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि चौधरी साहब का सम्मान, अन्नदाता का सम्मान है।

उन्होंने भाजपा एवं लोकदल के संयुक्त प्रत्याशी डॉ. राजकुमार सांगवान के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भारत माता के महान सपूत और पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह की पावन धरा पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस बार हमारे लिए ये चुनाव और भी महत्व का हो जाता है। पहली बार किसानों के मसीहा के रूप में चौधरी चरण सिंह को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्राप्त हुआ है। ये न केवल कोटि-कोटि अन्नदाताओं का सम्मान है, बल्कि यूपी वालों का गौरव भी है। प्रधानमंत्री मोदी का आभार, जिन्होंने चौधरी साहब के मूल्यों और आदर्शों को ध्यान में रखा और अन्नदाताओं के मुद्दों को राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बनाया और किसान के हित में कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बागपत में 26 अप्रैल को चुनाव होना है। भाजपा और रालोद ने मिलकर बागपत के लिए एक योग्य प्रत्याशी दिया है। रालोद प्रमुख जयंत चौधरी को इसके लिए विशेष धन्यवाद, जिन्होंने एक सामान्य व्यक्ति को बागपत से टिकट दिया है। डॉ. राजकुमार सांगवान ने चौधरी चरण सिंह के जीवन मूल्यों को अपनाया है। इनके लिए अभी से यहां चुनावी गर्मी देखने को मिल रही है। इस गर्मी को 26 अप्रैल तक आते-आते और ज्यादा बढ़ाना है।

सीएम योगी ने वर्तमान सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में व्यतीत किया, मगर बागपत का सांसद बनते ही वो यहां के विकास के लिए प्रण-प्राण से जुट गये। बागपत के लिए विकास की योजनाओं को उन्होंने दौड़-धूप करके 24 घंटे के अंदर दिल्ली और लखनऊ से पास कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बागपत पांच हाईवे से जुड़ रहा है। यहां हर घर नल योजना प्रभावी रूप से लागू हो रही है। गन्ना किसानों को गन्ना मूल्यों के भुगतान के लिए 5-10 साल इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। अब मात्र एक हफ्ते में ही गन्ना मूल्यों का भुगतान किया जा रहा है। बिना विकास के भावी पीढ़ी को उज्जवल भविष्य नहीं दे सकते। बागपत में विकास के लिए रालोद का नल और भाजपा का कमल जरूरी है।

उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाया कि पहले बागपत का नौजवान सड़कों पर दौड़ता रह जाता था और जब सरकारी नौकरी की बारी आती थी तब उसे छंटनी करके बाहर कर दिया जाता था। आज देश पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया की बड़ी ताकत बनने की दिशा में तेजी से अग्रसर है। दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। आतंकवाद और नक्सलवाद खत्म हुआ है, बहन-बेटी और व्यापारी सुरक्षित हुए हैं। व्यापार बढ़ा है और निवेश का माहौल बना है। किसी ने भी नहीं सोचा था कि देश और प्रदेश में इतने सारे कार्य होंगे।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More