चारधाम यात्रा : एक हफ्ते में 12.48 लाख श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

देहरादून, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस साल 10 मई से शुरू हो रही है। इसके लिए पर्यटन विभाग ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है।

इस साल चारधाम यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों के पंजीकरण का रिकॉर्ड टूट रहा है। इस साल महज सात दिनो में पंजीकरण की संख्या 12.48 लाख पहुंच गई है। पिछले साल एक सप्ताह में लगभग चार लाख यात्रियों ने पंजीकरण किया था।

पर्यटन विभाग ने चारधाम यात्रा में देश-दुनिया से आने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए 15 अप्रैल से पंजीकरण शुरू किया था। रविवार को एक लाख से अधिक यात्रियों ने बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए पंजीकरण कराया।

पर्यटन विभाग के अनुसार अब तक 12.48 लाख यात्री पंजीकरण करा चुके हैं। इसमें केदारनाथ के लिए सबसे ज्यादा पंजीकरण 4,22,129, बद्रीनाथ धाम के लिए 3,56,716, गंगोत्री धाम के लिए 2,31,983, यमुनोत्री धाम के लिए 2,19,619 जबकि हेमकुंड साहिब के लिए 17,684 यात्रियों ने पंजीकरण कराया है।

–आईएएनएस

स्मिता/एकेएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More