गोवा में बढ़ती सड़क दुर्घटना को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार से पूछे सवाल

पणजी, 24 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस ने शनिवार को राज्य भर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों के लिए भाजपा सरकार की आलोचना की।

गोवा के एआईसीसी मीडिया प्रभारी हर्षद शर्मा ने जीपीसीसी महासचिव विजय भीके और वीरेंद्र शिरोडकर के साथ कांग्रेस हाउस में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।

इस दौरान हर्षद शर्मा ने कहा, “2023 में सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 532 लोगों की जान चली गई। पिछले साल 2,800 से ज्यादा दुर्घटनाएं हुईं। नए साल की पूर्व संध्या पर 98 सड़क हादसे हुए। भाजपा सरकार ने चीजों को बेहतर बनाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।”

उन्होंने कहा कि फरवरी के पहले 16 दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में नौ लोगों की जान जा चुकी है। यह तब है जब राज्य फरवरी को सड़क सुरक्षा माह के रूप में मना रहा है। यह गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि वाहनों की गति पर कोई अंकुश नहीं है और सरकार सुरक्षा देने में विफल रही है।

विजय भीके ने कहा कि मौजूदा सरकार में अपराध दर भी बढ़ी है।

उन्होंने सवाल पूछा कि राज्य में बलात्कार, छेड़छाड़, चोरी और नशीली दवाओं की गतिविधियां बढ़ गई हैं। फिर भी मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सुरक्षा का दावा करते हैं। सुरक्षा कहां है?

उन्होंने कहा कि यह सरकार कार्यक्रम आयोजित करने और उससे पैसा कमाने में व्यस्त है। सड़क दुर्घटनाओं के कारण युवा अपनी जान गंवा रहे हैं। लेकिन, परिवहन मंत्री मौविन गोडिन्हो गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। राजस्व के नाम पर लोगों को लूटा जा रहा है। जनता के हित में काम नहीं करने के लिए परिवहन मंत्री को बर्खास्त किया जाना चाहिए। कई स्थानों पर ‘ट्रैफिक सिग्नल’ भी ठीक से काम नहीं कर रहे हैं और सरकार ने आंखें मूंद ली हैं।

–आईएएनएस

एबीएम/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More