गांजा की बड़ी खेप ले जाते अंतरराज्यीय गैंग के दो तस्कर गिरफ्तार, 14 लाख का माल बरामद

नोएडा, 25 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नोएडा में नारकोटिक्स टीम गौतमबुद्धनगर व थाना सेक्टर-126 नोएडा पुलिस ने सोमवार को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 56.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 14 लाख रुपये है।

नारकोटिक्स टीम गौतमबुद्धनगर और थाना सेक्टर-126 नोएडा पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर आज संयुक्त अभियान में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ की तस्करी करने वाले दो आरोपियों प्रताप सिंह और जयदेव गइन को सेक्टर-127 पुश्ता रोड के किनारे रखे हुये माल के साथ गिरफ्तार किया है।

दोनों तस्कर नशीले पदार्थ गांजा को बोरों में लेकर पुश्ता रोड पर थे। होली के त्यौहार पर तस्करी के उद्देश्य से गांजा दिल्ली के ओखला की तरफ ले जाने की फिराक में थे। प्रताप सिंह के कब्जे से 34 किलोग्राम 200 ग्राम और जयदेव गइन के कब्जे से 22 किलोग्राम 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए दोनों आरोपी नोएडा के ही रहने वाले हैं और लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़े हुए थे।

–आईएएनएस

पीकेटी/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More