कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नजरें अब आपकी कमाई पर : पीएम मोदी (लीड-1)

अलीगढ़, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नजर अब आपकी कमाई पर है, आपकी संपत्ति पर है।

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आपकी मेहनत की कमाई, आपकी संपत्ति पर कांग्रेस अपना पंजा मारना चाहती है। आपकी संपत्ति को कब्जे में लेकर बांटना चाहती है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन के खतरनाक इरादे से मैं देशवासियों को आगाह कर रहा हूं। इन परिवारवादी लोगों ने देश के लोगों को लूटकर अपना बड़ा साम्राज्य बना लिया है।

उन्होंने कहा कि आज तक इन्होंने अपनी अकूत संपत्ति से देश के किसी गरीब को कुछ नहीं दिया। अब इनकी नजर देश के लोगों की संपत्ति पर पड़ गई है। जनता के धन को लूटना और देश की संपत्ति को लूटना कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है। आजादी के बाद से सेना की हर खरीद में घोटाले करने वाली कांग्रेस कभी भी यहां डिफेंस कॉरिडोर नहीं बनवा सकती। भाजपा की वजह से अब हमारा उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर सेना का बहुत बड़ा हब बनने जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि जो लोग योगी जी की पहचान सिर्फ बुलडोजर से करते रहते हैं, मैं उनकी आंखें खोलना चाहता हूं। उत्तर प्रदेश में आजादी के बाद जितना औद्योगिक विकास नहीं हुआ, उतना अकेले योगी जी के कालखंड में हुआ है। इस क्षेत्र को गंगा और यमुना दोनों का आशीर्वाद प्राप्त है। यहां खेती और किसानों को ताकत कैसे मिले, गन्ना किसानों की ताकत कैसे बढ़े, इसके लिए भाजपा लगातार काम कर रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि तीन तलाक से पीड़ित कितनी ही बेटियों का जीवन तबाह हो गया। अब मोदी ने तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाकर उनका जीवन सुरक्षित किया है। आज न सिर्फ भारत का हज कोटा बढ़ा है बल्कि वीजा नियमों को भी आसान बनाया गया है। सरकार ने महिलाओं को बिना महरम हज जाने की अनुमति भी दी है।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More