उत्तराखंड में बोले पीएम मोदी, उत्तर से दक्षिण तक गूंज रहा है ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ का नारा

नई दिल्ली, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के ऋषिकेश में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मंच पर डमरू भी बजाया। पीएम मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत गढ़वाली भाषा से की।

पीएम मोदी ने कहा, “कल मैं भारत के दक्षिणी छोर पर, सागर तट पर बसे तमिलनाडु में था और वहां पर भी लोग कह रहे हैं- फिर एक बार मोदी सरकार। आज हिमालय की गोद में बाबा केदार और बद्री विशाल की चरणों में हूं और यहां भी वही गूंज है- फिर एक बार मोदी सरकार।”

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राम मंदिर का ज्रिक कर कहा कि कांग्रेस विकास और विरासत दोनों की विरोधी है। कांग्रेस ने प्रभु श्री राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए हैं। ये कांग्रेस ही है, जिसने पहले राम मंदिर का विरोध किया। राम मंदिर के निर्माण से पहले अड़ंगे डालने की कोशिश की। अदालत में रुकावट डालने की कोशिश की। लेकिन, राम मंदिर बनाने वालों ने कांग्रेस के सारे गुनाह माफ करके उन्हें निमंत्रण (प्राण प्रतिष्ठा का) दिया। मगर, उन्होंने घर पर निमंत्रण पाने के बाद भी प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आने से इनकार कर दिया। कांग्रेस के नेताओं ने इस आयोजन का भी बहिष्कार किया।

पीएम मोदी ने आगे कहा, “अब तो कांग्रेस ने प्रण लिया है, सार्वजनिक रूप से घोषणा की है कि हिंदू धर्म में जो शक्ति है, उसका विनाश करेंगे। ये कांग्रेस शक्ति स्वरूपा मां धारी देवी, मां चंद्रबदनी, मां ज्वाल्पा देवी को खत्म करना चाहती है। उत्तराखंड की आस्था को तबाह करने की जो साजिशें चल रही हैं, उसमें कांग्रेस की ये बातें आग में घी का काम करेंगी। उत्तराखंड की संस्कृति की रक्षा करना, हम सभी का दायित्व है।”

पीएम मोदी ने गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा, “जब कांग्रेस की सरकार थी, तब लोगों के हक का पैसा बिचौलिए खा जाते थे। अब लोगों के हक का पैसा सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जा रहा है। ये लूट मोदी ने बंद की है, इसलिए मोदी पर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है। कांग्रेस के नेताओं के लिए तो पहले दिल्ली का शाही परिवार और फिर अपना परिवार ही सब कुछ है। लेकिन, मोदी के लिए तो मेरा भारत ही मेरा परिवार है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में तो जवानों के पास बुलेटप्रूफ जैकेट तक की कमी थी। दुश्मन की गोली से बचने के लिए जवानों के पास पुख्ता इंतजाम तक नहीं थे। ये भाजपा है, जिसने भारत में बनी बुलेटप्रूफ जैकेट अपने सैनिकों को दी, उनके जीवन की रक्षा की। आज आधुनिक रायफल से लेकर लड़ाकू विमान और विमानवाहक पोत तक देश में ही बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश में मोदी की मजबूत सरकार है, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुसकर मारा जाता है। भारत का तिरंगा युद्ध क्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है। सात दशक बाद जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 निरस्त किया गया। तीन तलाक के खिलाफ काननू बना। महिलाओं को लोकसभा, विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिला। सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10 प्रतिशत आरक्षण मिला। आज देश में ऐसी सरकार है, जिसने बीते 10 वर्ष में भारत को पहले की तुलना में कई गुना मजबूत कर दिया है। जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकार रही है, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया और आतंकवाद ने पैर पसारे।

–आईएएनएस

एसके/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More