इनेलो हरियाणा प्रमुख हत्याकांड में सात पर एफआईआर, सीसीटीवी फुटेज आई सामने

चंडीगढ़, 26 फरवरी (आईएएनएस)। इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के हरियाणा अध्यक्ष नफे सिंह राठी की हत्या के मामले में पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

इसके अलावा, एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, इसमें वारदात से ठीक पहले हुंडई आई10 में हमलावर दिखाई दे रहे हैं।

यह एफआईआर बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक नरेश कौशिक, रमेश राठी, सतीश राठी और राहुल सहित अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया था।

इनेलो प्रमुख के बेटे जितेंद्र राठी ने कहा कि वे अपने पिता का अंतिम संस्कार तब तक नहीं करेंगे जब तक कि एफआईआर में दर्ज आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता और परिवार को सुरक्षा नहीं दी जाती। उन्होंने इस अपराध के पीछे स्थानीय राजनेताओं को जिम्मेदार ठहराया।

पुलिस ने राठी के कार चालक और उसके भतीजे राकेश के बयान पर केस दर्ज किया है।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दो पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) के नेतृत्व में पांच टीमें बनाई गईं।

पुलिस ने बराही गांव के पास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की है, इसमें हमलावरों को राठी की कार के पीछे कार पार्क करते देखा गया और वे अपराध के बाद उसी कार में भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

नफे सिंह राठी अपनी एसयूवी की अगली सीट पर बैठे थे, जब हमलावरों ने बराही लेवल-क्रॉसिंग के पास वाहन को रोका और करीब से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।

–आईएएनएस

पीके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More