अलका राय, पूजा-जया पाल के मंगलसूत्र का हिसाब दे सपा : सीएम योगी

इटावा, 25 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के गढ़ इटावा में हुंकार भरी। उन्होंने सपा सरकार में हुई हत्याओं का हिसाब मांगा।

सीएम योगी ने दिवंगत विधायक कृष्णानंद राय, राजू पाल और अधिवक्ता उमेश पाल की हत्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अलका राय, पूजा पाल, जया पाल और कारसेवकों की पत्नियों के मंगलसूत्र का हिसाब समाजवादी पार्टी कब देगी।

मैनपुरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या में जिन रामभक्तों का लहू सपा सरकार ने बहाया था। उन नौजवानों की विधवाओं के मंगलसूत्र पर सपा नेता जवाब कब देंगी। क्या परिवार के बाहर सपा को कोई यदुवंशी कार्यकर्ता नहीं मिला, जिसे वे सदन में भेज सकें।

उन्होंने आगे कहा कि सपा नेता डिंपल जवाब दें, माफिया की ओर से गाजीपुर में भाजपा के विधायक कृष्णानंद राय के साथ मारे गए छह लोगों की विधवाओं का क्या हुआ। सपा सरकार में पाले गए माफिया ने विहिप के अंतरराष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नंदकिशोर रूंगटा की अपहरण कर निर्मम हत्या कर दी थी। उनकी विधवा का क्या हुआ। सपा ने अपने कृत्यों पर कभी पश्चाताप नहीं किया। यह देश की कीमत पर राजनीति करना चाहते हैं और भाजपा देश के लिए राजनीति करती है।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन की कुदृष्टि मां-बहनों के मंगलसूत्र पर है। माताएं-बहनें एक-एक पैसा जोड़कर स्त्रीधन के रूप में जेवर मंगलसूत्र, लॉकेट, गले का हार खरीदती हैं। यही हमारी मां-बहनों की अमानत होती है, जिसे वह अपनी आने वाली पीढ़ियों (बेटी-बहू) को विरासत में देती हैं। कांग्रेस की निगाह मां-बहनों की अमानत पर है।

सीएम योगी ने कहा कि बेचारे शिवपाल यादव पर तरस आती है। शिवपाल केवल चूरन खाने वाले रह गए हैं। कभी मुलायम सिंह के मुख्य सिपहसालार हुआ करते थे। पूरे प्रदेश में तूती बोलती थी। आज क्या हालत है। उन्हें बैठने के लिए सोफा नहीं, बल्कि हत्था मिलता है। शिवपाल चूरन खाने के आदी हो गए हैं।

— आईएएनएस

विकेटी/एकेएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More