अरुणाचल में 8 मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान बुधवार को

ईटानगर, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। चुनाव आयोग ने अरुणाचल प्रदेश के चार जिलों के आठ मतदान केंद्रों पर हुए लोकसभा चुनाव को ‘अमान्य’ घोषित कर दिया है और बुधवार को इन केंद्रों पर नए सिरे से मतदान कराने की घोषणा की है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

चुनाव अधिकारियों ने कहा कि 19 अप्रैल को पहले चरण के मतदान में लोकसभा और विधानसभा के लिए एक साथ मतदान के दौरान इन आठ मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) क्षतिग्रस्त हो गई थी और हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पवन कुमार सैन ने एक आदेश में कहा कि ताजा मतदान सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक होगा।

19 अप्रैल को पहले चरण के मतदान के दौरान, 8.92 लाख मतदाताओं में से 76.44 प्रतिशत से अधिक ने दो लोकसभा क्षेत्रों और 60 विधानसभा सीटों में से 50 पर एक साथ विधानसभा और संसदीय चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू (मुक्तो) और उपमुख्यमंत्री चौना मीन (चौखाम) सहित 10 विधानसभा सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं।

–आईएएनएस

एसकेपी/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More