नेपाल में विनाशकारी बाढ़ का कहर, मृतकों की संख्या 1,355 पहुंची; करीब 5 हजार लापता

काठमांडू। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,355 पहुंच गई है, जबकि करीब 4,996 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में खोज, बचाव और राहत अभियान लगातार जारी है।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार बरामद अवशेषों में मानव शरीर के विभिन्न अंग भी शामिल हैं। अब तक 98 शवों की पहचान कर उन्हें परिजनों को सौंपा जा चुका है।

प्राधिकरण की प्रवक्ता शांति महत के अनुसार रसुवा से 169, नुवाकोट से 197, धादिङ से 70, गोरखा से 75, तनहूं से 38, चितवन से 363, नवलपरासी पूर्व से 222 और नवलपरासी पश्चिम से 221 शव बरामद किए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार करीब 4,996 लोगों के लापता होने या उनका पता नहीं चल पाने की सूचना दर्ज की गई है। लापता लोगों में करीब 100 सुरक्षाकर्मी और सरकारी कर्मचारी तथा लगभग 589 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

बाढ़ के बीच राहत एवं बचाव दलों ने अब तक 13,396 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों तक राहत पहुंचाने और लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान तेज किया गया है।

बाढ़ के कारण घायल हुए 6,672 लोगों का इलाज कराया जा चुका है। इनमें 323 लोग अभी भी विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं, जबकि 228 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

वर्तमान में बाढ़ प्रभावित 3,533 लोग 39 होल्डिंग सेंटरों में रह रहे हैं। इनमें 669 लोग रसुवा, 2,651 नुवाकोट और 213 लोग धादिङ में ठहरे हुए हैं।

खोज एवं बचाव, राहत वितरण और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 21,402 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें नेपाली सेना के 9,287, नेपाल पुलिस के 7,912 और सशस्त्र पुलिस बल के 4,203 जवान शामिल हैं।

अधिकारियों के मुताबिक प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य के साथ-साथ लापता लोगों की तलाश और बरामद शवों की पहचान का काम भी जारी है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More