Diesel Price Hike: ईरान युद्ध पड़ा US पर भारी…अमेरिका में डीजल ने तोड़ा रिकॉर्ड, महंगाई का बढ़ा दबाव

नई दिल्ली: ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी संकट का असर अमेरिका के ईंधन बाजार पर दिखाई देने लगा है। अमेरिका में डीजल की राष्ट्रीय औसत कीमत 19 सितंबर को बढ़कर 6.4866 डॉलर प्रति गैलन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (AAA) के आंकड़ों के मुताबिक, एक सप्ताह पहले डीजल की औसत कीमत करीब 6.16 डॉलर प्रति गैलन थी। यानी एक सप्ताह में कीमत लगभग 33 सेंट या 5.3 फीसदी बढ़ी है।
एक साल में करीब 75 फीसदी महंगा हुआ डीजल
अमेरिका में डीजल की कीमतों में पिछले एक साल के दौरान भी बड़ा उछाल आया है। AAA के आंकड़ों के अनुसार, एक साल पहले राष्ट्रीय औसत कीमत करीब 3.71 डॉलर प्रति गैलन थी, जो अब 6.49 डॉलर के करीब पहुंच गई है। यानी सालाना आधार पर डीजल की कीमत लगभग 75 फीसदी अधिक है।
वहीं, अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष शुरू होने से ठीक पहले 27 फरवरी को डीजल की कीमत करीब 3.75 डॉलर प्रति गैलन थी। 19 सितंबर के रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो कीमत में लगभग 73 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है।
होर्मुज संकट से बिगड़ी वैश्विक ईंधन आपूर्ति
डीजल की कीमतों में तेजी के पीछे कच्चे तेल और रिफाइंड ईंधन की वैश्विक आपूर्ति में व्यवधान को प्रमुख वजह माना जा रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य में लंबे समय से जारी संकट ने तेल की अंतरराष्ट्रीय आवाजाही को प्रभावित किया है। इसी के साथ रूसी रिफाइनरियों पर हमलों और मध्य पूर्व में रिफाइनिंग तथा निर्यात ढांचे में आई रुकावटों ने भी डीजल आपूर्ति पर दबाव बढ़ाया है।
रॉयटर्स के मुताबिक, मध्य पूर्व और यूक्रेन से जुड़े संघर्षों के कारण वैश्विक रिफाइनिंग और डीजल आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है, जिससे अमेरिका में भी डीजल की कीमत रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची है।
कैलिफोर्निया में डीजल सबसे महंगा
अमेरिका के राज्यों में कैलिफोर्निया में डीजल की औसत कीमत सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है। AAA के आंकड़ों के अनुसार, यहां डीजल करीब 8.4161 डॉलर प्रति गैलन है, जो राष्ट्रीय औसत से लगभग दो डॉलर अधिक है।
ट्रकिंग और खेती की लागत बढ़ने का असर
डीजल की कीमतों में तेजी का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं है। अमेरिका में भारी ट्रक, ट्रेन, कृषि मशीनरी और अन्य परिवहन गतिविधियों में डीजल का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। ऐसे में ईंधन महंगा होने से माल ढुलाई, कृषि और औद्योगिक गतिविधियों की लागत बढ़ सकती है।
अमेरिकी किसानों के लिए भी महंगा डीजल चिंता का विषय बना हुआ है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ऊंची ईंधन लागत से कृषि संचालन पर दबाव बढ़ रहा है और इसका असर आगे चलकर खाद्य कीमतों पर भी पड़ सकता है।
महंगे डीजल से महंगाई का दबाव
ईंधन लागत बढ़ने का असर पूरी सप्लाई चेन पर पड़ सकता है। परिवहन महंगा होने से सामान की ढुलाई, कृषि उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं की लागत बढ़ सकती है। यही वजह है कि अमेरिका में रिकॉर्ड डीजल कीमतों को महंगाई के जोखिम से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
