एमपॉक्स ‘नया कोविड’ नहीं, इसे नियंत्रित करने के तरीके की है जानकारी: WHO
डब्ल्यूएचओ के यूरोप डायरेक्टर डॉक्टर हेन्स क्लुगे ने कहा है कि एमपॉक्स ‘नया कोविड’ नहीं है क्योंकि इसे नियंत्रित करने के तरीके के बारे में पता है. पत्रकारों के एक सावल के जबाब उन्होंने कहा कि एमपॉक्स वायरस के नए वैरिएंट को लेकर चिंताएं हैं और इस बारे में ग्लोबल अलर्ट जारी कर दिया गया है. लेकिन मिलजुल कर एमपॉक्स को नियंत्रित किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सबसे जरूरी चीज तो ये है कि इसके टीके सबसे जरूरतमंद इलाकों तक पहुंचे ताकि घबराहट और उपेक्षा के एक और चक्र को तोड़ा जा सके.
पिछले सप्ताह स्वीडन में मंकीपॉक्स का न्यू वैरिएंट क्लैड आईबी मिला था. इसे अफ्रीका में इसके बढ़ते प्रकोप से जोड़ कर देखा जा रहा है. मध्य और पूर्वी अफ़्रीका में संक्रामक मंकी पॉक्स (एमपॉक्स) के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. इसे देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया है.
संगठन के महानिदेशक टेड्रॉस एडोनम गेब्रीयेसुस ने कहा था, “एमपॉक्स के एक नए वैरिएंट का उभरना और इसका तेज़ी से फैलना काफी चिंताजनक है.” इससे पहले अफ़्रीका सेंटर फॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने इसे पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया था. सेंटर ने कहा था कि मंकी पॉक्स पिछली बार से ज़्यादा चिंताजनक है. ऐसा इसलिए क्योंकि नया वैरिएंट ज़्यादा घातक है.
