रिम्स में जूनियर डॉक्टरों का कार्य बहिष्कार वापस, बदले जाएंगे 25 फीसदी होम गार्ड्स के जवान

रांची: मंगलवार देर रात रिम्स में तैनात होम गार्ड जवानों और डॉक्टरों के बीच हुई मारपीट की घटना के बाद बुधवार से जूनियर डॉक्टरों का कार्य बहिष्कार गुरूवार को खत्म हो गया। कार्य बहिष्कार के खत्म होने के बाद गुरूवार को ओपीडी समेत सभी विभागों में स्वास्थ्य सेवाएं व अन्य कामकाज पूरी तरह से सामान्य नजर आया। इससे पहले बुधवार को पूरे दिन ओपीडी सेवा ठप रही थी और मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। जूनियर डॉक्टरों का आरोप है कि होम गार्ड्स के जवानों जानबूझ कर माहौल खराब करने की कोशिश की थी और मारपीट की शुरूआत भी उन्होंने ही की थी। वहीं रिम्स की सुरक्षा में तैनात होम गार्ड के जवानों ने भी जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट की घटना को लेकर हड़ताल कर दिया है। मारपीट मामले को गंभीरता से लेते हुए रिम्स प्रंबधन ने जांच कमेटी का गठन किया है।

डॉक्टरों को क्या आश्वासन मिला

रिम्स प्रशासन ने कार्य बहिष्कार कर रहे जूनियर डॉक्टरों को अपनी हड़ताल खत्म करने और काम पर वापस लौटने की अपील की। इसके बाद जूनियर डॉक्टरों ने रिम्स में तैनात सभी होम गार्ड्स जवानों को बदलने की मांग रखी। जेडीए यानी जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन को रिम्स प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि रिम्स की सुरक्षा में तैनात सभी होम गार्ड्स जवानों को बदल दिया जाएगा, हालांकि इसे एक निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही अमल में लाया जाएगा। प्रबंधन का कहना है कि हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार कर्मचारियों को एक साथ नहीं हटाया जा सकता ऐसे में वे सभी गार्ड्स को एक साथ नहीं हटा सकते, इसलिए प्रत्येक महीने केवल 25% गार्ड ही बदले जाएंगे। धीरे-धीरे अगले कुछ महीनों में सभी गार्ड्स को बदल दिया जाएगा। जेडीए ने पूर्व में कार्यरत निजी गार्डों को वापस काम पर लाने का प्रस्ताव दिया, जिसे मानने से रिम्स प्रबंधन ने इंकार कर दिया।   

क्या हाल है रिम्स का

बुधवार को जूनियर डॉक्टर्स के कार्य बहिष्कार से रिम्स में चरमराई चिकित्सा व्यवस्था गुरूवार को पटरी पर लौटती नजर आई। ओपीडी में कामकाज सामान्य रहा तो वहीं ओपी़डी काउंटर पर मरीजों की लाइन भी नजर आई। वार्ड में भी डॉक्टर राउंड पर देखे गए हालांकि मारपीट की घटना को लेकर होम गार्ड्स जवानों की बुधवार से शुरू हुई हड़ताल आज गुरूवार को भी जारी रही और पूरे कैंपस में सुरक्षा के नजरिए से गार्ड्स कहीं भी तैनात नजर नहीं आए। सुरक्षा गार्डों के अभाव में फिलहाल रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे नजर आ रही है। पूरे परिसर में सुरक्षा गार्डों के ड्यूटी पर नहीं होने से यह देखना वाकई दुखद है कि डॉक्टर अपने ही परिसर में सुरक्षित नहीं हैं। इन डॉक्टरों के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है।

लेखक के बारे में

By Nivedita Jha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More