करीब पांच साल तक डेट करने के बाद अर्जुन कपूर और मलाइका का हुआ ब्रेकअप

मुंबई, 31 मई (आईएएनएस)। पांच साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद आखिरकार एक्‍टर अर्जुन कपूर और मलाइका अरोड़ा अलग हो गए हैं। लेकिन अभी भी उनकी दोस्‍ती बनी हुई है।

आईएएनएस के एक करीबी सूत्र ने पुष्टि की है कि 2018 में डेटिंग शुरू करने वाले अर्जुन और मलाइका अब अलग हो गए हैं।

सूत्र ने पुष्टि की, “अर्जुन की बॉडी लैंग्वेज और अभी वह जिस तरह से हैं, उसे देखते हुए ऐसा लगता है कि वह दोनों अलग हो चुके हैं। वे इतने लंबे समय से डेटिंग कर रहे थे, इसलिए यह सब शांति से हुआ। मलाइका और अर्जुन अभी भी एक-दूसरे के अच्‍छे दोस्‍त हैं।”

2018 में दोनों के डेटिंग की अफवाहें तब फैलने लगीं जब उन्हें एक फैशन शो में साथ देखा गया। इस जोड़े ने मलाइका के 45वें जन्मदिन पर अपने रिश्ते का खुलासा किया था।

इंस्टाग्राम पर इसे आधिकारिक बनाने के बाद दोनों को अक्सर एक साथ छुट्टियां मनाते, कार्यक्रमों में शामिल होते और यहां तक ​​कि एक-दूसरे के परिवारों के साथ समय बिताते हुए देखा गया था।

मलाइका अरोड़ा अरबाज खान से तलाक के बाद से ही अर्जुन कपूर को डेट कर रही थी। खास बात यह है कि दोनों ने कभी भी अपने रिश्ते को मीडिया के सामने आने से नहीं छुपाया। इससे पहले भी दोनों के अलग होने की खबरें सामने आती रही हैं।

वहीं, अर्जुन रोहित शेट्टी की आगामी फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में अपने ग्रे शेड्स दिखाने के लिए तैयार हैं, जिसमें अजय देवगन और दीपिका पादुकोण भी हैं।

इसके बाद उनके पास अनीस बज्मी द्वारा निर्देशित कॉमेडी फिल्म ‘नो एंट्री 2’ है, जिसमें उनके साथ वरुण धवन और दिलजीत दोसांझ हैं।

मलाइका अरोड़ा अक्सर अपनी फिटनेस के लिए जानी जाती हैं। वह निजी जिंदगी के अलावा प्रोफेशनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में बनी रहती हैं।

मलाइका ने दिल से, बिच्छू, मां तुझे सलाम, कांटे, हाउसफुल, हाउसफुल 2, हैप्पी न्यू ईयर जैसी फिल्मों में काम किया है। वह टेलीविजन शो नच बलिए का भी हिस्सा रहीं। इसमें उन्होंने एक जज की भूमिका निभाई थी।

मलाइका ने बॉलीवुड के अभिनेता-निर्देशक-निर्माता अरबाज खान से शादी की थी लेकिन दोनों की शादी नहीं चल पाई। दोनों ने 11 मई 2017 को तलाक ले लिया। दोनों का एक बेटा अरहान है। पति से अलग होने के बाद मलाइका अर्जुन कपूर के साथ रिलेशन में आ गई थीं।

–आईएएनएस

एमकेएस/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More