आईएफएफएम में सान्या मल्होत्रा ने पहनी अपनी मां की डिजाइन की हुई ड्रेस

मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। मेलबर्न में आयोजित 15वें भारतीय फिल्म फेस्टिवल (आईएफएफएम) में अभिनेत्री सान्या मल्होत्रा ने अपनी फिल्म “मिसेज” के प्रीमियर पर अपनी मां रेनू मल्होत्रा की डिजाइन की हुई ड्रेस पहनी।

सान्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें वह बैंगनी रंग के ब्रोकेड के आउटफिट में नजर आ रही हैं। उन्होंने इसके साथ लाल रंग का ब्रोकेड ओवरकोट भी पहना है।

कैप्शन में उन्होंने लिखा, “यह आपके लिए है, मम्मा। छोटी उम्र से ही मेरी मां मेरी स्टाइलिस्ट रही हैं। वह मेरी बहन और मेरे लिए कपड़े डिजाइन करतींं और सिलती थीं। उन्होंने हमें फैशन के मामले में अपडेट रखने के लिए खुद को समर्पित कर दिया।”

उन्होंने कहा कि उनकी मां हमेशा उन्हें बताती थीं कि वह फैशन की पढ़ाई करने का सपना देखा करती थीं मगर आर्थिक तंगी की वजह से यह संभव नहीं हो पाया।

आगे कहा, ” मेरी मां ने अपनी सारी रचनात्मकता हमें खूबसूरती से तैयार करने में झोंक दी। मैं आज भी जब किसी खास कार्यक्रम में जाती हूं तो मैं अपनी मां से जरूर सलाह लेती हूं। मैं चाहती थी कि मैं मेलबर्न फिल्म फेस्टिवल में अपनी मां की डिजाइन की हुई ड्रेस पहनकर उन्‍हें सम्‍मान दूं।”

उन्होंने कैप्शन के अंत में अपनी मां को धन्यवाद देते हुए कहा, “आप हो तो हम हैं, आपसे ही हम हैं, आपके ही हम हैं।”

आरती कदव द्वारा निर्देशित “मिसेज” में कंवलजीत सिंह और निशांत दहिया भी हैं। फिल्म “मिसेज” एक महिला की कहानी है, जो शादी से पहले डांसर और डांस टीचर है। मगर शादी के बाद उसे एक पत्नी के रूप में समाज की अपेक्षाओं का सामना करना पड़ता है। वह अपना रास्ता तलाशने की कोशिश करती है, अपनी आवाज और पहचान ढूंढती है ताकि वह खुद की पहचान बना सके।

सान्या अगली बार कलीज द्वारा निर्देशित एक एक्शन थ्रिलर “बेबी जॉन” में नजर आएंगी। इसमें वरुण धवन, कीर्ति सुरेश, जैकी श्रॉफ और वामिका गब्बी भी हैं। यह फिल्म एटली की तमिल फिल्म “थेरी” का रीमेक है।

–आईएएनएस

एमकेएस/एएस

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More