असमिया फिल्म ‘सिकार’ के निर्देशक ने शूटिंग के लिए यूके वीजा नहीं मिलने पर की बात

मुंबई, 19 अगस्त (आईएएनएस)। असमिया फिल्म ‘सिकार’ का निर्देशन करने वाले निर्देशक देबांगकर बोरगोहेन ने फिल्म की टीम को यूके का वीजा नहीं मिलने पर खुलकर बात की। निर्देशक ने कहा कि वह केवल एक फिल्म बनाना चाहते थे, लेकिन ब्रिटेन में उन्हें 10 साल के लिए बैन कर दिया गया।

फिल्म में ‘या अली’ फेम जुबीन गर्ग और प्रशंसित अभिनेता आदिल हुसैन हैं। उन्हें और उनकी टीम को कोलकाता में यूके वीजा कार्यालय ने वीजा देने से इनकार कर दिया। मुख्य अभिनेत्री ध्यानी मोहन को भी वीजा नहीं दिया।

उसी के बारे में बात करते हुए निर्देशक ने कहा, “मैं सिर्फ एक कहानी बताना चाहता था, लेकिन यह प्रक्रिया एक ऐसी प्रणाली के खिलाफ लड़ाई बन गई जो इस फिल्म को बनाने की हमारी क्षमता पर सवाल उठाती नजर आई।”

लंदन में स्थित निर्माता सैम भट्टाचार्जी ने तत्कालीन संसद सदस्य इयान स्मिथ से सहायता मांगी, लेकिन उनका हस्तक्षेप भी वीजा नहीं दिला सका। भट्टाचार्जी ने याद करते हुए कहा, “यह एक अजीब और निराशाजनक अनुभव था। लेकिन हमने उन चुनौतियों को प्रेरणा में बदल दिया ताकि जो संभव है उसी से काम चलाया जा सके”।

चूंकि वीजा की अस्वीकृति और 10 साल के प्रतिबंध के कारण फिल्म के निर्देशक यूके की यात्रा नहीं कर सके, इसलिए फिल्म के यूके पार्ट की शूटिंग सैम भट्टाचार्जी ने की।

इन बाधाओं के बावजूद, ‘सिकार’ को 4-5 प्रोडक्शन शेड्यूल की श्रृंखला के माध्यम से पूरा किया गया, जिससे यह असमिया सिनेमा के इतिहास में सबसे अधिक वीएफएक्स फिल्म बन गई। फिल्म का निर्माण ब्रिटिश कंपनी यूनिकॉर्न मोशन पिक्चर्स द्वारा किया गया था, पोस्ट-प्रोडक्शन का काम डू इट क्रिएटिव लिमिटेड द्वारा संभाला गया था।

सैम भट्टाचार्जी ने कहा, ”सिकार’ एक फिल्म ही नहीं है; यह एक स्टेटमेंट है। यूके में बड़े पैमाने पर शूट और निर्मित होने वाली पहली असमिया फिल्म के रूप में यह अपनी टीम के लचीलेपन और रचनात्मकता का प्रमाण है।”

अब यह फिल्म 20 सितंबर को रिलीज होने वाली है।

–आईएएनएस

एसएचके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More