‘चमक: द कन्क्लूजन’ की 16 अगस्त को होगी स्ट्रीम, बाप के कत्ल का बदला लेंगे परमवीर सिंह चीमा

मुंबई, 29 जून (आईएएनएस)। कास्टिंग डायरेक्टर से एक्टर बने परमवीर सिंह चीमा अपनी अपकमिंग सीरीज ‘चमक’ के दूसरे पार्ट को लेकर चर्चा में हैं। शो में वह काला का किरदार निभा रहे हैं, जो अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए कुछ भी कर सकता है।

सीरीज में ईशा तलवार, मनोज पाहवा, सुविंदर विक्की, अकासा सिंह, मुकेश छाबड़ा जैसे शानदार कलाकार हैं।

सीरीज में गिप्पी ग्रेवाल स्पेशल अपीयरेंस में है, उन्होंने पिता तारा सिंह का किरदार निभाया है, जिन्हें 1999 में लाइव स्टेज परफॉर्मेंस पर गोली मार दी गई थी।

कहानी कनाडा के वेंकूवर से शुरू होती हैं, यहां काला (परमवीर चीमा) अपने चाचा के साथ रहता है। उसे संगीत विरासत में मिली है, वह मशहूर सिंगर बनना चाहता है। लेकिन किसी अपराध की वजह से जेल में बंद है। वह तिकड़मबाजी कर छह महीने बाद पैरोल पर छूट जाता है और सीधे अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने जाता है।

जब वह उससे मिलने पहुंचता है, तो वह अपनी गर्लफ्रेंड को किसी गोरे लड़के के साथ देखता है। ये देख वह भड़क उठता है और युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर देता है। वह गोरा लड़का वेंकूवर के अमीर खानदान का बेटा है।

इस मामले को लेकर कनाडा पुलिस उसके पीछे पड़ जाती हैं। ऐसे में काला के पास कोई रास्ता नहीं होता, और वह अपने दोस्त टिड्डा की मदद से जाली पासपोर्ट के जरिए इंडिया आ जाता है। वह पंजाब के मोहाली के पास अपने गांव में पहुंच जाता है। टिड्डे की मदद से उसे कार पार्क करने वाले कर्मचारी के रूप में नौकरी भी मिल जाती है।

इस बीच काला को हैरान करने वाले राज पता चलता है कि जिसे वह बचपन से अपना पिता समझता आया था, वह उसके चाचा हैं। उसके असली पिता का कत्ल हुआ था। ये सच जानकर वह अपने पिता के हत्यारों से बदला लेने की ठान लेता है।

उसके पिता तारा सिंह के दोस्त, जो अब बड़े आदमी बन चुके हैं। प्रताप ढिल्लो पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री का बेताज बादशाह बन गया है। बलवीर पंजाब सरकार में स्वास्थ्य मंत्री है। जुगराज टॉप सिंगर है, जिससे मिलने को लोग बेचैन रहते हैं। कभी ये तीनों उसके पिता की परछाई हुआ करते थे।

काला इन सभी तक पहुंचने के लिए हर रास्ता अपनाने की कोशिश करता है। राजनीति, ऑनर किलिंग और कॉर्पोरेट इनके बीच वह कातिल को तलाशता है, लेकिन यह सब आसान नहीं है। क्या वह बदला ले पाता है, इसका पता सीरीज की कहानी देखने पर ही चलेगा।

रोहित जुगराज चौहान द्वारा निर्मित और निर्देशित, इस सीरीज का निर्माण गीतांजलि मेहलवा चौहान, रोहित जुगराज चौहान और सुमित दुबे ने किया है।

‘चमक: द कन्क्लूजन’ का प्रीमियर 16 अगस्त को सोनी लिव पर होने वाला है।

–आईएएनएस

पीके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More