बिना किसी शिकायत के परिवार की जिम्मेदारी उठाते हैं पुरुष : गुरप्रीत सिंह

मुंबई, 30 मई (आईएएनएस)। टीवी एक्टर गुरप्रीत सिंह ने पुरुषों के सामने आने वाले संघर्षों के बारे में खुलकर बात की है। उन्होंने बताया है कि पारिवारिक इच्छाओं, आकांक्षाओं और सपनों के बीच तालमेल बिठाना कितना मुश्किल काम है।

गुरप्रीत सोनी सब पर प्रसारित होने वाले शो ‘वंशज’ में रफीक बेग की भूमिका निभा रहे हैं।

एक्टर का कहना है कि महिलाओं का बलिदान महान है, लेकिन पुरुषों के त्याग को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

एक्टर ने कहा कि पुरुष अक्सर अपनी जिंदगी को अपने परिवार और उनकी इच्छाओं के लिए कुर्बान कर देते हैं।

उन्होंने कहा, “जिंदगी भागती हुई ट्रेन के कंडक्टर की तरह है, जहां आप अपने परिवार की इच्छाओं, ख्वाहिशों और सपनों के बीच उलझे रहते हैं। आपकी अपनी इच्छा दिल के किसी कोने में दबी रहती है। इसमें कोई शक नहीं कि यह बहुत मुश्किल काम है।”

गुरप्रीत ने कहा कि पुरुष बिना किसी शिकायत के योद्धा के रूप में काम करते हैं और अपने मजबूत कंधों पर परिवार की जिम्मेदारी उठाते हैं।

उन्होंने कहा, “ऐसा लगता है जैसे उन्हें कोई सुपरपावर हासिल हो, वे अपनी इच्छाओं को मन में दबाकर अपने परिवारों के लिए सुपरहीरो की भूमिका निभाते हैं।”

‘वंशज’ में अंजलि तत्रारी, माहिर पांधी और पुनीत इस्सर लीड रोल में हैं। यह सोनी सब पर प्रसारित होता है।

वहीं गुरप्रीत एक और शो ‘शिव शक्ति – तप त्याग तांडव’ में भगीरथ की भूमिका में भी हैं।

गुरप्रीत सिंह टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना नाम है। उन्होंने कई फेमस टीवी सीरियल में काम कर इंडस्ट्री में अपने दम पर पहचान बनाई है। गुरप्रीत सिंह ने ‘कहीं तो होगा’, ‘सारथी’, ‘पोरस’, ‘दुर्गेश नंदिनी’ और ‘मायका’ जैसे हिट सीरियल्स में काम किया है।

–आईएएनएस

पीके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More