स्टार्टअप महाकुंभ: मझौले और छोटे शहरों से नवोद्यमियों का उदय इकोसिस्टम के लिए बड़ा बढ़ावा

नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। देश का स्टार्टअप इकोसिस्टम इस समय अभूतपूर्व नवाचार और विकास के दौर से गुजर रहा है। उद्योग विशेषज्ञों ने तीन दिवसीय ‘विकसित भारत स्टार्टअप महाकुंभ 2024’ के समापन के मौके पर गुरुवार को कहा कि मझौले और छोटे शहरों के नवोद्यमी इस बात के उदाहरण हैं कि किस प्रकार समावेशी विकास के रास्ते टिकाऊ विकास की तरफ बढ़ा जा सकता है।

देश के सबसे बड़े स्टार्टअप उत्सव में 1,306 एग्जिबिटर और 48,581 से अधिक व्यावसायिक आगंतुक शामिल हुए। इन तीन दिनों में 392 से अधिक वक्ताओं ने 165 से अधिक सत्रों में अपने विचार रखे।

इसके अलावा, यह आयोजन 3,868 से अधिक भविष्य के उद्यमियों के लिए केंद्रीय-मंच था, जो बेहतरीन क्लास और टीमवर्क के माध्यम से उद्योग विशेषज्ञों और निवेशकों तथा उद्यमियों से बातचीत करने के लिए एकत्र हुए थे।

डिजिटल इंडिया फाउंडेशन के प्रमुख और सह-संस्थापक अरविंद गुप्ता ने कहा, “10 साल के दौरान हमने कुछ सौ स्टार्टअप्स से शुरू करके एक लाख से अधिक स्टार्टअप्स के जीवंत पारिस्थितिकी तंत्र तक के वदलाव को देखा है, जिससे इनक्यूबेटर, यूनिकॉर्न और एक संपन्न डिजिटल अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।”

उन्होंने कहा, “हमारे स्टार्टअप दुनिया में अग्रणी हैं, जो जटिल चुनौतियों को हल करने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाते हैं, जिससे विश्व मंच पर भारत की स्थिति एक नेता के रूप में सुनिश्चित होती है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘स्टार्टअप महाकुंभ’ के उद्घाटन के मौके पर बुधवार को कहा था कि देश एआई में विश्व नेता बन जाएगा और इसके युवा नवप्रवर्तक देश को आगे ले जाने के लिए प्रेरक शक्ति के रूप में उभरेंगे।

उन्होंने कहा था, ”एआई में भारत का पलड़ा भारी रहेगा और हम इस अवसर को जाने नहीं देंगे।”

स्टार्टअप महाकुंभ ने उपस्थित लोगों को विचारों का आदान-प्रदान करने, साझेदारी बनाने और अनुभवी पेशेवरों से अनमोल सलाह प्राप्त करने के लिए एक गतिशील मंच प्रदान किया।

टीआईई ग्लोबल की इकाई टीआईई बैंगलोर के अध्यक्ष और ट्रस्टी मदन पदाकी ने कहा, “स्टार्टअप महाकुंभ में 3,800 से अधिक भावी उद्यमियों को एक साथ देखना वास्तव में प्रेरणादायक था।”

आविष्कार ग्रुप के संस्थापक और अध्यक्ष विनीत राय ने कहा, “कई उभरते और महत्वाकांक्षी एग्रीटेक उद्यमियों को हमारे किसानों की आजीविका में सुधार लाने का लक्ष्य तय करते हुए देखना बहुत अच्छा था।”

एक्सेल की चीफ ऑफ स्टाफ विद्या अनंतकृष्णन ने कहा कि उन्होंने ‘स्टार्टअप महाकुंभ’ में बी2बी मंडप के भीतर विचारों, विशेषज्ञता और अवसरों का अविश्वसनीय संगम देखा।

–आईएएनएस

एकेजे/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More