द्वितीय जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न, 350 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

कोडरमा में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में शामिल अतिथि

कोडरमा। द्वितीय कोडरमा जिला शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन असनाबाद स्थित चाइल्ड प्रोग्रेसिव स्कूल में किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से 350 से अधिक प्रतिभाशाली शतरंज खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी बौद्धिक क्षमता, खेल कौशल और रणनीतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोडरमा के जिला खेल पदाधिकारी तुषार राय उपस्थित थे, जबकि पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष एवं समाजसेवी शालिनी गुप्ता ने उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों झुमरी तिलैया नगर परिषद के अध्यक्ष रमेश हर्षधर, कोडरमा नगर पंचायत के अध्यक्ष साजिद हुसैन, सीपीएस विद्यालय के अध्यक्ष ताहिर हुसैन, चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष तौफीक हुसैन, सचिव सुनील कुमार साव, संरक्षक विजय साहू और निशांत केतु ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज जैसे खेल बच्चों के मानसिक विकास, एकाग्रता, अनुशासन एवं निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को शुभकामनाएं और बधाई दी।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्रा आयत तौफीक ने शानदार स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं, चेस एसोसिएशन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्य अतिथि, उद्घाटनकर्ता एवं विशिष्ट अतिथियों के साथ विभिन्न संगठनों से आए आदिरा सिंह राजपूत, धर्मेंद्र सिंह, विशाल सिंह और मो. अर्शी सहित सभी एसोसिएशन पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर स्वागत एवं सम्मानित किया।

प्रतियोगिता में इन विद्यालयों ने हासिल किए स्थान

प्रतियोगिता के बालक वर्ग में ग्रिजली विद्यालय, तिलैया डैम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ग्रिजली पब्लिक स्कूल द्वितीय और सेंट जेवियर्स स्कूल, केटीपीएस तृतीय स्थान पर रहा।

वहीं, बालिका वर्ग में सेंट जेवियर्स स्कूल, केटीपीएस ने प्रथम स्थान हासिल किया। ग्रिजली विद्यालय, तिलैया डैम द्वितीय और चाइल्ड प्रोग्रेसिव स्कूल तृतीय स्थान पर रहा।

जिला खेल पदाधिकारी तुषार राय ने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि 350 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी जिले में शतरंज के प्रति बढ़ते उत्साह और रुचि को दर्शाती है। वहीं, शालिनी गुप्ता ने अपने संबोधन में बच्चों को शतरंज के महत्व के बारे में बताते हुए अनुशासन और धैर्य के साथ प्रत्येक कार्य करने की सीख दी।

रमेश हर्षधर और साजिद हुसैन ने बच्चों के हित में इस तरह के आयोजन हर वर्ष कराने की बात कही। चेस एसोसिएशन के अध्यक्ष तौफीक हुसैन ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में शतरंज के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करना तथा जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करना है।

उन्होंने अपने सभी सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालयों को बधाई दी। साथ ही आयोजन समिति की ओर से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, चीफ आर्बिटर राजन शाह (पटना) एवं हजारीबाग के चेस आर्बिटरों, विद्यालय प्रबंधन, स्कूल कोच, शिक्षकों, अभिभावकों, खिलाड़ियों और संघ के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन चेस एसोसिएशन के सचिव सुनील कुमार साव ने किया।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More