पटना में बदलेगा सफाई का सिस्टम, दो एजेंसियां संभालेंगी कचरा उठाव; 24 करोड़ की बचत

पटना। राजधानी में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पटना नगर निगम ने नया मास्टर प्लान तैयार किया है। इसके तहत अब अंचलों में कचरा उठाने के लिए दो एजेंसियों की तैनाती की जाएगी। नगर निगम के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी के तीन-तीन अंचलों में सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए मानव बल की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। नई व्यवस्था से सालाना सफाई कार्यों पर 24 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक बचत होने का अनुमान है।
वहीं, सफाई व्यवस्था को और सुलभ बनाने के लिए कचरा गाड़ियों की जीपीएस के जरिए निगरानी की जा रही है। नई व्यवस्था में भी कचरा उठाने वाली गाड़ियों को रियल टाइम ट्रैकिंग के माध्यम से मॉनिटर किया जाएगा।
दीपावली एवं छठ पूजा में कचरा मुक्त रहेगा शहर, दो शिफ्ट में हो रहा कचरा उठाव
दीपावली और छठ पूजा में शहर को कचरा मुक्त रखने के लिए नगर निगम की ओर से विशेष व्यवस्था की गई है। इसके तहत राजधानी की गली-मुहल्लों में सुबह और शाम की पाली में घरों और प्रतिष्ठानों से कचरे का उठाव किया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, त्योहारों के इस पावन अवसर पर डोर-टू-डोर कचरा उठाव के लिए सेकेंड शिफ्ट के वाहनों का भी संचालन किया जा रहा है।
इसके अलावा सड़कों और रास्तों से कचरा उठाने के लिए अतिरिक्त हाईवा भी संचालित किए जा रहे हैं, ताकि राजधानीवासियों को स्वच्छता के मामले में किसी प्रकार की परेशानी न हो। छठ पूजा को लेकर घाटों और एप्रोच सड़कों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया जा रहा है।
33 हजार लाइटों की मरम्मत, छह हजार से अधिक नई लाइटें लगाईं
त्योहारों में राजधानी को जगमग बनाने के लिए 33 हजार से अधिक लाइटों की मरम्मत की जा चुकी है। वहीं, छह हजार से अधिक नई लाइटें भी लगाई जा चुकी हैं। साथ ही सभी वार्डों में अतिरिक्त 100-100 स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है।
वर्तमान में छठ घाटों पर 50 हाईमास्ट लाइट और लगभग 22 हजार स्थायी स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। छठ महापर्व के अवसर पर घाटों पर 47 हजार अस्थायी लाइटों की भी व्यवस्था की जाएगी।
