Ranchi News: सरला बिरला विश्वविद्यालय और सी-डैक पटना के बीच तकनीकी व शोध सहयोग हेतु एमओयू

रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची और सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक), पटना के बीच अकादमिक, शोध, नवाचार और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह कार्यक्रम सरला बिरला विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर एसबीयू के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन एवं कुलसचिव प्रो. एस. बी. दंडीन सहित विश्वविद्यालय के डीन, एसोसिएट डीन, विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे। वहीं सी-डैक पटना की ओर से वरिष्ठ वैज्ञानिक सह केंद्र प्रमुख अभिनव दीक्षित, वैज्ञानिक निशांत कुमार शेखर, साकेत झा तथा अमरजीत शर्मा ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सी-डैक की गतिविधियों तथा विश्वविद्यालय के साथ संभावित सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों—जैसे डिजिटल ट्विनिंग, स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट, साइबर सिक्योरिटी, क्वांटम कंप्यूटिंग एवं एआई/एमएल (AI/ML)—पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इसके बाद दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने एमओयू पर औपचारिक हस्ताक्षर किए।
इस समझौते के तहत संयुक्त शोध एवं विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशालाएं, सेमिनार, इंटर्नशिप, छात्र परियोजनाएं, कौशल विकास तथा क्षमता निर्माण जैसी तकनीक-आधारित शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे एसबीयू के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं शोधार्थियों को उभरती तकनीकों से जुड़ने और सी-डैक के साथ काम करने का अवसर प्राप्त होगा। एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस समझौते पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
