Bokaro News: BSL में उन्नत तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर दो दिवसीय सेमिनार संपन्न

बोकारो: औद्योगिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, प्रभावी, स्मार्ट एवं भविष्य के अनुरूप बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सेल-बोकारो स्टील प्लांट में “एडवांस्ड टेक्नोलॉजी एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन पेरिमीटर सर्विलांस एंड सिक्योरिटी सिस्टम” विषय पर आयोजित दो दिवसीय सेमिनार 7 अक्टूबर को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

6 एवं 7 अक्टूबर को लर्निंग एंड डेवलपमेंट सेंटर में आयोजित इस सेमिनार के दौरान औद्योगिक सुरक्षा के क्षेत्र में उभरती तकनीकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्मार्ट सर्विलांस, ड्रोन आधारित निगरानी, डेटा एनालिटिक्स तथा एकीकृत सुरक्षा प्रणालियों के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।

सेमिनार के उद्घाटन सत्र में BSL के निदेशक प्रभारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर सेल-बीएसएल के अधिशासी निदेशक, डीआईजी (सीआईएसएफ), अन्य वरिष्ठ अधिकारी, सुरक्षा विशेषज्ञ तथा देश के प्रमुख औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। अपने संबोधन में निदेशक प्रभारी ने सेमिनार को वर्तमान औद्योगिक सुरक्षा परिदृश्य के संदर्भ में अत्यंत प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की पारंपरिक अवधारणा तेजी से बदल रही है और आधुनिक औद्योगिक प्रतिष्ठानों के लिए तकनीक-सक्षम, डेटा-आधारित एवं भविष्योन्मुख सुरक्षा दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक है। उन्होंने उभरती तकनीकों के प्रभावी उपयोग के साथ-साथ मानव विशेषज्ञता और स्थापित सुरक्षा प्रक्रियाओं के समन्वय को भी महत्वपूर्ण बताया।

दो दिवसीय सेमिनार में टाटा स्टील, भिलाई स्टील प्लांट, राउरकेला स्टील प्लांट, सेल-एसडीटीडी, सीआईएसएफ बोकारो, टाटा कम्युनिकेशंस, जॉनसन कंट्रोल्स इंडिया, ब्लैक बॉक्स, पिक्सरूट टेक्नोलॉजीज, एन्निया सॉल्यूशंस, आइडियाफोर्ज, शीतल वायरलेस, इंटोज एआई, मंत्रा सॉफ्टेक, डीविया सॉफ्ट, एसआईएस इंडिया, इन्फ्राजेंट लैब्स एवं बाइनरी सेमांटिक्स सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने तकनीकी सत्रों में अपने अनुभव, तकनीकी समाधान एवं केस स्टडी साझा किए।

सेमिनार के दौरान आयोजित विभिन्न तकनीकी सत्रों में औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अत्याधुनिक सुरक्षा समाधानों के व्यावहारिक उपयोग एवं उनकी प्रभावशीलता पर प्रस्तुतियां दी गईं। वक्ताओं ने अपने-अपने संस्थानों में अपनाई जा रही तकनीकों, वास्तविक उपयोग के अनुभवों, केस स्टडी तथा भविष्य की संभावनाओं को साझा किया। इन सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को विभिन्न तकनीकी समाधानों की उपयोगिता, उनके संभावित अनुप्रयोगों तथा मौजूदा सुरक्षा प्रणालियों के साथ उनके प्रभावी एकीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को समझने का अवसर मिला।

समापन सत्र में BSL टीम द्वारा प्रमुख निष्कर्ष एवं सीख प्रस्तुत किए गए। इसमें दो दिवसीय विचार-विमर्श से प्राप्त महत्वपूर्ण सीख, प्रमुख निष्कर्ष तथा भविष्य की संभावनाओं को रेखांकित किया गया। प्रस्तुत निष्कर्षों में औद्योगिक सुरक्षा को अधिक समग्र, एकीकृत एवं तकनीक-आधारित बनाने के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स एवं स्मार्ट सर्विलांस जैसी उभरती तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। सेमिनार से प्राप्त अनुभव, तकनीकी अंतर्दृष्टि एवं विचार-विमर्श बीएसएल की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक एकीकृत, इंटेलिजेंट, डेटा-आधारित एवं भविष्य के अनुरूप बनाने की दिशा में एक उपयोगी पहल हैं।

लेखक के बारे में

By digital.samridhbharat@gmail.com

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More