प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूपी सोरेन के निधन पर जताया दुख, हेमंत-कल्पना से व्यक्त की संवेदना

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर संथाली भाषा में पोस्ट कर रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया और हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन समेत पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की।
प्रधानमंत्री ने रूपी सोरेन के जनजातीय समुदायों के सशक्तीकरण के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुए उनके निधन को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि शोक की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन और उनके परिजनों के साथ हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और झामुमो संस्थापक दिवंगत शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार रात करीब 8:40 बजे बरियातू रोड स्थित हिल व्यू अस्पताल में निधन हो गया। वे करीब 75 वर्ष की थीं। उनका इलाज कर रहे डॉ. नितेश प्रिया के अनुसार, वह दो साल से किडनी रोग से पीड़ित थीं।
यह भी पढ़े: Rupi Soren Death Live: झारखंड के CM हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन
रूपी सोरेन के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर लिखा, “बाबा के जाने के बाद मां ही मेरी सबसे बड़ी छांव थीं। आज वह छांव भी प्रकृति की गोद में समा गईं।”
उनके निधन की सूचना मिलते ही झामुमो समेत विभिन्न दलों के नेताओं का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया। रात करीब 10 बजे उनका पार्थिव शरीर मोरहाबादी स्थित स्वर्गीय शिबू सोरेन के आवास पर लाया गया। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि पार्थिव शरीर को सुबह नौ बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम यात्रा सड़क मार्ग से ओरमांझी-गोला होते हुए नेमरा के लिए रवाना होगी।
