बलात्कार मामले में गिरफ्तार टॉलीवुड कोरियोग्राफर जानी मास्टर से पूछताछ कर रही पुलिस

हैदराबाद, 20 सितंबर (आईएएनएस)। हैदराबाद में सेलिब्रिटी कोरियोग्राफर जानी मास्टर पर टॉलीवुड की एक जूनियर महिला कोरियोग्राफर ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। गिरफ्तार करने के बाद साइबराबाद पुलिस शुक्रवार को एक अज्ञात स्थान पर जानी से पूछताछ कर रही है।

बता दें कि जानी मास्टर उर्फ ​​शेख जानी बाशा को गुरुवार को गोवा में गिरफ्तार कर पेश किया गया। स्थानीय अदालत से ट्रांजिट वारंट हासिल करने के बाद पुलिस उसे हैदराबाद ले गई। पूछताछ और मेडिकल जांच के बाद राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कोरियोग्राफर को न्यायिक हिरासत के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जानी मास्टर ने 2020 में मुंबई ट्रिप के दौरान उसका यौन उत्पीड़न किया था और किसी को न बताने की धमकी भी दी थी। साइबराबाद की रायदुर्गम पुलिस ने 15 सितंबर को जीरो एफआईआर दर्ज की। इसके बाद, नरसिंगी पुलिस स्टेशन में मामला फिर से दर्ज किया गया।

आरोपी पर बलात्कार, आपराधिक धमकी और हमले की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले में पुलिस उपायुक्त (राजेंद्र नगर जोन) चौ. श्रीनिवास ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज करने पर पता चला कि अपराध के समय वह नाबालिग थी। इसलिए, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की धारा 5 (l) आर/डब्ल्यू 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पीड़िता (जो अब 21 वर्ष की है) ने आरोप लगाया है कि कोरियोग्राफर ने चेन्नई, मुंबई और हैदराबाद सहित विभिन्न शहरों में कई मौकों पर उसका यौन उत्पीड़न किया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह 2017 में कोरियोग्राफर के संपर्क में आई और 2019 में उसकी सहायक बन गई।

इस बीच, जानी मास्टर की पत्नी सुमालता ने दावा किया कि यौन उत्पीड़न के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने कहा कि उनके करियर को बर्बाद करने की एक बड़ी साजिश रची गई। सुमालता ने कहा कि अगर महिला कोरियोग्राफर सबूत दिखाएगी तो वह अपने पति को छोड़ देंगी। जानी मास्टर और सुमालता की शादी को 14 साल हो चुके हैं और उनका कोई बच्चा नहीं है।

–आईएएनएस

आरके/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More