अक्किनेनी नागेश्वर राव की 100वीं जयंती पर दिखाई जाएंगी 10 फिल्में : अमिताभ बच्चन

मुंबई, 19 सितंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के दिग्गज मेगास्टार अमिताभ बच्चन को हाल ही में सुपरहिट फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में देखा गया था। उन्होंने इंस्टाग्राम पर तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अक्किनेनी नागेश्वर राव के संबंध में खास जानकारी साझा की। यह जानकारी साझा करते हुए अमिताभ बच्चन काफी उत्साहित थे।

गुरुवार को बिग बी ने अपने इंस्टाग्राम पर तेलुगु सिनेमा के दिग्गज की फोटो शेयर की। फोटो में अक्किनेनी नागेश्वर राव थे।

उन्होंने कैप्शन में लिखा, मुझे खुशी है कि फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन भारतीय फिल्म उद्योग के दिग्गज स्वर्गीय अक्किनेनी नागेश्वर राव की 100वीं जयंती मना रहा है और उनकी कुछ फिल्में पूरे भारत में रिलीज की जा रही हैं। मेरी शुभकामनाएं।

भारत का फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन (एफएचएफ) अक्किनेनी नागेश्वर राव की 100वीं जयंती को देशव्यापी फिल्म महोत्सव के साथ मनाएगा।

दिवंगत अभिनेता अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने सात दशकों से अधिक के करियर और 250 फिल्मों के साथ तेलुगु, तमिल और हिंदी भाषा के सिनेमा उद्योगों में काम किया।

उनका जन्म 20 सितंबर 1924 को वर्तमान आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के रामपुरम में एक किसान परिवार में हुआ था और वे पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके माता-पिता की खराब आर्थिक स्थिति के कारण उनकी औपचारिक शिक्षा प्राथमिक स्कूली शिक्षा तक ही सीमित थी।

उन्होंने 10 साल की उम्र में थिएटर में काम करना शुरू कर दिया था। उन्होंने थिएटर में महिला किरदार निभाने में महारत हासिल की, क्योंकि उस समय महिलाओं को अभिनय करने से मना किया जाता था।

अक्किनेनी नागेश्वर राव की 100वीं जयंती पर आयोजित होने वाले फिल्म महोत्सव का शीर्षक दिया गया है। किंग ऑफ़ द सिल्वर स्क्रीन’ और इसमें 20 सितंबर से 22 सितंबर तक 25 भारतीय शहरों में 10 क्लासिक फ़िल्में दिखाई जाएंगी।

ये स्क्रीनिंग हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली, चेन्नई और बेंगलुरु जैसे महानगरों के साथ-साथ वडोदरा, जालंधर और तुमकुर जैसे टियर 1 और टियर 2 शहरों में होंगी।

यह फ़ेस्टिवल फ़िल्म हेरिटेज फ़ाउंडेशन, अक्किनेनी नागेश्वर राव परिवार, एनएफडीसी – नेशनल फ़िल्म आर्काइव ऑफ़ इंडिया और मल्टीप्लेक्स चेन पीवीआर-आईनॉक्स के बीच एक संयुक्त प्रयास है।

–आईएएनएस

डीकेएम/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More