लैंड फॉर जॉब मामला : जदयू नेता नीरज कुमार ने लालू पर‍िवार को घेरा, कहा-विदेश यात्रा रद्द कर कोर्ट में पेश होइए

पटना, 18 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सुप्रीमो लालू यादव और उनके पर‍िवार की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। लैंड फॉर जॉब मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू परिवार को समन जारी किया है।

राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि इस मामले में मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं। कोर्ट ने कहा कि लालू परिवार ने अपने पद का दुरुपयोग किया है। यह मामला मनी लॉन्ड्रिंग से भी जुड़ा हुआ है। कोर्ट की ओर से जारी समन में लालू यादव के साथ उनके बेटे तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव का नाम भी शामिल है।

लालू परिवार को समन जारी होने के बाद सियासी बयानबाजियां तेज हो गई हैं। जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बुधवार को आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि लैंड फॉर जॉब के साथ-साथ मनी लॉन्ड्रिंग का भी मामला है। इस मामले में न्यायालय ने लालू परिवार की पेशी का आदेश दिया है।

उन्होंने कहा कि आइए स्वदेश में और कोर्ट में पेश होइए। विदेश प्रवास को स्थगित करिए और न्यायालय में उपस्थित होइए।

इससे पहले नीरज कुमार ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश पोस्ट कर कैप्शन में लिखा, “सिर मुड़ाते ही ओले पड़े, तेजस्वी यादव ने अपने राजनीतिक कार्यक्रम को स्थगित कर न्यायालय की अनुमति से विदेश यात्रा का तो कार्यक्रम बना लिया, परंतु अब भ्रष्टाचार के आरोप में न्यायालय ने समन जारी कर दिया है। अब क्या करेंगे? विदेश यात्रा बीच में ही स्थगित कर लौटना पड़ेगा।

वहीं, बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि कानून के हिसाब से काम नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहना ही पड़ेगा। तेजस्वी यादव द्वारा सरकार पर लगाए गए जासूसी के आरोप पर उन्होंने कहा कि ये लोग जनता के नेता नहीं है। सरकार जब इन्हें सुरक्षा देती है, तो वे जासूसी का आरोप लगाते हैं।

–आईएएनएस

पीएसके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More