दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के साथ केजरीवाल ने की ‘वन-टू-वन’ : सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली, 16 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा देंगे। उन्होंने इस्तीफा देने से पहले सोमवार को पार्टी के राजनीतिक मामलों की समिति (पीएसी) की बैठक बुलाई। बैठक में दिल्ली सरकार में मंत्री सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

इस बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सभी वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के साथ ‘वन-टू-वन’ चर्चा की।

दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस्तीफा देने का ऐलान किया था। उन्होंने इस्तीफा देने के लिए आज दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से समय मांगा था। एलजी ने उन्हें मंगलवार शाम का समय दिया है।

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि आज केजरीवाल ने सभी मंत्रियों के साथ बैठक की है। मंगलवार को विधायक दल की बैठक बुलाई गई है जिसमें सभी विधायक मौजूद रहेंगे। इस बैठक के बाद दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का नाम सामने आएगा।

बता दें कि सौरभ भारद्वाज ने सोमवार सुबह मीडिया को बताया था कि आज सरकारी छुट्टी होने के कारण मंगलावर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।

उन्होंने कहा कि सीएम का इस्तीफा मंजूर होते ही पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाएगी। हमारे पास 60 विधायक हैं। विधायक दल की बैठक में जिस नाम पर सहमति बनेगी, वही दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।

बता दें कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के ऐलान के बाद से यह कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल मुख्यमंत्री बन सकती हैं। वहीं, दावा यह भी किया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल सरकार में एक दर्जन से ज्यादा विभाग संभाल रही मंत्री आतिशी के नाम की घोषणा कर सकते हैं।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि कौन सीएम बनेगा इसे लेकर अभी पूरी तस्वीर विधायक दल की बैठक के बाद ही साफ हो पाएगी क्योंकि मुख्यमंत्री ने सभी के साथ ‘वन-टू-वन’ किया है। इसलिए, हर कोई सिर्फ अपना ही आकलन कर सकता है।

–आईएएनएस

डीकेएम/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More