केन्या : अल-शबाब के हमले का खतरा, पुलिस ने देशभर में बढ़ाई सुरक्षा

नैरोबी, 16 सितंबर (आईएएनएस)। आतंकी खतरों के बीच केन्याई पुलिस ने पूरे देश में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस को विश्वसनीय जानकारी मिली है कि अल-शबाब के आतंकी राजधानी नैरोबी और अन्य शहरों में हमला करने की योजना बना रहे हैं।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, राष्ट्रीय पुलिस सेवा (एनपीएस) की प्रवक्ता रेसिला ओनयांगो ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिया है।

ओन्यांगो ने शनिवार रात नैरोबी में जारी एक बयान में कहा कि देश भर में तैनात पुलिस अधिकारी सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने जनता से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना निकटतम पुलिस स्टेशन या टोल-फ्री नंबर पर देने की अपील की।

ओन्यांगो ने कहा, “राष्ट्रीय पुलिस सेवा, इंटेलिजेंस बेस्ड पुलिसिंग के जरिए राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अलावा आम जनता के साथ मिलकर काम कर रही है।”

इससे पहले अमेरिका ने केन्या में अपने नागरिकों को आतंकवादी खतरों के मद्देनजर सतर्क रहने की चेतावनी दी थी।

अमेरिकी दूतावास ने सुरक्षा अलर्ट में अपने नागरिकों को उन इलाकों में संभावित अपहरण और हमले के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी, जहां पर्यटकों की आवाजाही अधिक है।

दूतावास ने अपने नागरिकों को होटल, दूतावास, रेस्तरां, मॉल, बाजार, स्कूल, पुलिस स्टेशन और पूजा स्थलों में सावधानी बरतने की सलाह दी। अलर्ट में कहा गया कि आतंकी ग्रुप हमले कर सकते हैं।

–आईएएनएस

एमके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More