जमशेदपुर में पीएम मोदी ने कहा- जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी झारखंड के सबसे बड़े दुश्मन

जमशेदपुर, 15 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जमशेदपुर के गोपाल मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के अभियान का शंखनाद कर दिया। इस दौरान पीएम मोदी ने झारखंड सरकार और अन्य राजनीतिक दलों पर निशाना साधा।

पीएम मोदी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राजद (आरजेडी) पर जमकर हमला किया और जनता से राज्य में भाजपा की सरकार बनाने के लिए वोट की अपील की।

उन्होंने कहा कि झारखंड के तीन सबसे बड़े दुश्मन जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी हैं। इन दुश्मनों को झारखंड के लोग जितनी जल्द पहचानेंगे, उतना जल्द झारखंड का भाग्योदय सुनिश्चित होगा। कांग्रेस को झारखंड से नफरत है। आरजेडी बिहार से झारखंड के अलग होने का बदला चुका रही है और जेएमएम आदिवासियों के जंगल, जमीन पर कब्जा करने वालों के साथ जाकर खड़ा हो गया है। ये लोग स्वार्थ और सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने जेएमएम को आदिवासियों का दुश्मन करार देते हुए कहा कि इस सरकार का पांच साल का कार्यकाल इस बात सबूत है कि ये लोग सिर्फ वोट लेने के लिए आदिवासियों के नाम पर राजनीति करते हैं। जेएमएम के लिए आदिवासी समाज का सम्मान नहीं, बल्कि अपना सियासी फायदा सबसे ऊपर है।

पीएम मोदी ने सवाल उठाया कि चंपई सोरेन आदिवासी नहीं हैं क्या? लेकिन सीएम की कुर्सी कब्जाने के लिए जिस तरह उन्हें अपमानित किया गया, उससे हर गरीब आदिवासी को गहरी चोट पहुंची है। हर आदिवासी दुख से भरा हुआ है। इसी तरह अपने ही परिवार की महिला सीता सोरेन को जेएमएम ने अपमानित और बेदखल किया। इनके अपमान का बदला झारखंड का हर आदिवासी आने वाले चुनाव में लेगा।

प्रधानमंत्री ने झारखंड के संथाल परगना और कोल्हान में बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर जेएमएम पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या के साथ खड़े हैं। आलम यह है कि घुसपैठिए जेएमएम को भी अपने कब्जे में लेते जा रहे हैं। इनके लोग झामुमो के भीतर भी घुस गए हैं। जेएमएम में कांग्रेस का भूत घुस गया है। जब किसी पार्टी में कांग्रेस का भूत घुस जाता है तो तुष्टिकरण ही उसका एकलौता एजेंडा बन जाता है। इसके लिए ये सबसे पहले दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के हितों की बलि चढ़ाते हैं।

–आईएएनएस

एसएनसी/एफजेड

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More